अस्पताल के ICU में मरीज की पीट-पीटकर हत्या, मामूली विवाद में हुई बड़ी वारदात
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के ICU में हैरान कर देने वाली घटना हुई. यहां मामूली विवाद के चलते एक मरीज के परिजनों ने दूसरे मरीज रमेशपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. यह घटना अस्पताल की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के जिला अस्पताल में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक मरीज के परिजनों ने दूसरे मरीज की पीट-पीटकर हत्या कर दी है. मामूली विवाद में हुई इस बड़ी वारदात के बाद हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पहुंची मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि अस्पताल के आईसीयू में एक महिला मरीज भर्ती है. उसके बगल वाले बेड पर एक लीवर के मरीज को भर्ती किया गया था.
बताया जा रहा है कि इनके परिजनों में किसी बात को लेकर बहस हो गई. इसी दौरान महिला मरीज के परिजनों ने लीवर पेशेंट की नाक पर जोरदार मुक्का मार दिया. इससे वह बेहोश हो गया. जब तक उसे डॉक्टर संभालते, उसकी मौत भी हो गई. आईसीयू में अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया. आनन फानन में सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना के बाद एक नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
एक आरोपी अरेस्ट
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में मुख्य आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया है. वहीं बाकी दो की तलाश कराई जा रही है. पुलिस ने बताया कि यह वारदात रविवार-सोमवार की रात करीब साढ़े तीन बजे की है. मृत मरीज की पहचान बिलासपुर थाना नई मंडी के रहने वाले रमेशपाल के रूप में हुई है. उन्हें लीवर की बीमारी थी और वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. वहीं आरोपियों की पहचान मोहल्ला गोशाला की रहने वाली कमला देवी के परिजनों के रूप में हुई है.
ऐसे हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक कमला देवी को उनके बेटे संजय ने अस्पताल में भर्ती कराया था. रविवार की रात संजय का किसी बात को लेकर बगल की बेड पर लेटे रमेश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान अन्य लोग बीच बचाव के लिए आए लेकिन इतने में संजय ने एक मुक्का रमेश की नाक पर मार दिया. इससे उनकी मौत हो गई.