पहले रिलेशनशिप, फिर लव मैरिज; अब बच्चे को लेकर टंकी पर क्यों चढ़ा पति? देने लगा फेंकने की धमकी
हमीरपुर में पति-पत्नी के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर हुए विवाद ने एक खतरनाक मोड़ ले लिया. प्रेम विवाह के बाद झगड़ों से परेशान पति अपने 2 वर्षीय बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और उसे फेंकने की धमकी देने लगा. पुलिस और प्रशासन के 45 मिनट के अथक प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया, लेकिन विवाद अभी भी जारी है.
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां मौदहा कस्बे में रहने वाला एक युवक रविवार को अपने दो साल के बच्चे को लेकर टंकी पर चढ़ गया. वह ऊपर से ही बार-बार बच्चे को फेंकने की धमकी देने लगा. यह देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई. पता चला कि आरोपी का किसी बात को लेकर पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था. इसके बाद युवक पत्नी को सबक सिखाने के लिए बच्चे को लेकर टंकी पर चढ़ गया.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट की मान मनौवल और समझाइश के बाद युवक को नीचे उतारा. पुलिस के मुताबिक सुमेरपुर कस्बे में रहने वाले राजेश कुमार दुबे मौदहां की रहने वाली आरती के साथ लंबे समय से अफेयर में था. दोनों ने तीन साल पहले प्रेम विवाह और फिर इन्हें एक दो साल का है. बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन रहने लगी है. आए दिन दोनों में झगड़े होने लगे थे.
अलग रहना चाहती है आरती
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि दोनों के बीच का विवाद इस कदर गहरा गया है कि आरती ने राजेश के साथ रहने से भी मना कर दिया है. वह अपने साथ बेटे को भी ले जाना चाहती है. जबकि राजेश किसी हाल में बेटे को छोड़ना नहीं चाहता. इसी बात पर दोनों में आए दिन टकराव हो रहा था. रविवार को राजेश और आरती दोनों ही किसी काम से मौदहा के बड़ा चौराहा आए थे. यहीं पर दोनों में झगड़ा हुआ तो आरती राजेश को छोड़ कर अपने गांव चली गई. वहीं राजेश अपने बेटे को लेकर पास की टंकी पर चढ़ गया.
टंकी पर चढ़ते देख मचा हड़कंप
राजेश को बच्चे के साथ टंकी पर चढ़ते देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. आनन फानन में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. इतने में राजेश टंकी के ऊपर से बच्चे को उछलाते हुए फेंकने की धमकी देने लगा. थोड़ी ही देर में मौके पर एसडीएम करणवीर सिंह और सीओ राजकुमार पांडेय दलबल के साथ पहुंच गए. अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से राजेश से बातचीत की और करीब 45 मिनट बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.
समस्या का समाधान ढूंढ रही पुलिस
टंकी से उतरने के बाद भी राजेश अपनी पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा है. पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई है. जहां उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है. एसडीएम करणवीर सिंह के मुताबिक ने इस दंपति के बीच बच्चे को लेकर विवाद है. पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत करते हुए बीच का रास्ता निकालने की कोशिश कर रही है. इसके लिए दोनों के परिजनों से भी बातचीत किया जा रहा है.