सुनो ससुर जी! दूल्हे ने मारा थप्पड़, गुस्से में दुल्हन ने लौटा दी बारात; शादी के जश्न में क्यों हुआ बवाल?

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे ने दुल्हन के पिता को थप्पड़ मार दिया. इस अभद्रता से नाराज होकर दुल्हन ने तुरंत शादी तोड़ दी और बारात वापस लौटा दी. पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद बात नहीं बनी और दूल्हे पक्ष को बैरंग लौटना पड़ा. यह घटना बारातियों की अभद्रता के बाद हुई, जिसने जश्न के माहौल को बवाल में बदल दिया.

सांकेतिक तस्वीर, श्रोत META AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. स्थिति यहां तक आ गई कि दूल्हे ने अपने होने वाले ससुर को थप्पड़ मार दिया. खबर मिली तो दुल्हन ने शादी का जोड़ा उतारकर फेंक दिया और शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में काफी वाद-विवाद हुआ. इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन दुल्हन के तेवर देखकर दूल्हा और उसके परिवार वालों को अपनी गलती स्वीकार करनी पड़ी और आखिर में बारात बैरंग लौट गई. मामला हमीरपुर के सुमेरपुर ब्लॉक में विदोखर पुरई गांव का है.

जानकारी के मुताबिक विदोखर पुरई गांव में रहने वाले गंगाराम अनुरागी की बेटी संजना की शादी थी. बारात महोबा से आई थी. बारात पहुंची तो गंगाराम और उनके परिवार ने खूब स्वागत सत्कार किया. जश्न पूर्ण माहौल में द्वारचार हुआ और चढ़ावे की रस्म हुई. इसके बाद भंवरों की रस्म होनी थी. इसके लिए दुल्हन पक्ष की महिलाएं दूल्हे को लाहकौर खिलाकर भंवरों के लिए आमंत्रित करने जनवासे में पहुंची. इस दौरान महिलाएं बैंड की धुन पर डांस कर रही थी.

बारातियों ने की अभद्रता

दुल्हन पक्ष की 30 से अधिक महिलाएं जनवासे में पहुंची थीं. कुछ महिलाएं दूल्हे को लाहकौर खिला रहीं थी तो कुछ डांस कर रहीं थीं. इसी दौरान कुछ बाराती भी उनके साथ नाचने लगे. यह देखकर महिलाएं अलग हट गई. इसके बाद बारातियों ने उनके हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की. यह देखकर दुल्हन के पिता ने विरोध किया तो बारात भड़क गए और मारपीट पर आमादा हो गए. इतने में दूल्हा भी उठा और अपने होने वाले ससुर को थप्पड़ मार दिया.

सुनते ही भड़क गई दुल्हन

यह खबर दुल्हन को मिली तो वह अपने पिता के साथ हुई अभद्रता को बर्दाश्त नहीं कर सकी. उसने न आव देखा ना ताव, तुरंत शादी का जोड़ा उतार कर जमीन पर फेंक दिया और पैरों से कुचलते हुए शादी से मना कर दिया. उधर, जनवासे में बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों में समझौता हुआ. इसके बाद दूल्हा शादी के लिए आया तो दुल्हन ने तेवर दिखाते हुए तुरंत वहां से चले जाने का फरमान सुना दिया. इसके बाद काफी मान मनौवल हुई, पुलिस तक बुलाई गई, लेकिन आखिर तक बात नहीं बनी. मजबूरी में रात में ही दूल्हा लेकर वापस लौट गया.

Follow Us