ससुराल आया था पत्नी से मिलने, 14 साल की साली संग हो गया फरार; 5 साल पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक दामाद अपनी 14 साल की नाबालिग साली को लेकर फरार हो गया. पत्नी से मिलने ससुराल आया यह युवक साली को बाजार घुमाने के बहाने ले गया और वापस नहीं लौटा. पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है. यह घटना परिवार और स्थानीय समुदाय के लिए चौंकाने वाली है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां अपनी पत्नी से मिलने ससुराल आया एक युवक अपनी 14 साल की साली को ही लेकर फरार हो गया. मामला हापुड़ में पहासू थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में गुरुवार की शाम का है. आरोपी अपनी साली को बाजार घुमाने के बहाने ले गया और अब तक वापस नहीं लौटा है. लड़की के पिता ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

पीड़िता पिता ने पहासू थाना पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं. उन्होंने करीब पांच साल पहले अपनी बड़ी बेटी लक्ष्मी की शादी नरौरा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में रहने वाले विकास के साथ की थी. अब तक सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन उन्हें खबर ही नहीं लगी कि आरोपी दामाद ने कब उनकी नाबालिग छोटी बेटी को अपने जाल में फंसा लिया.

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित पिता के मुताबिक गर्मी की छुट्टी पड़ने पर उनकी बड़ी बेटी लक्ष्मी बच्चों के साथ मायके आई थी. उससे मिलने के बहाने दामाद भी गुरुवार को उनके घर पहुंचा और उनकी छोटी बेटी को बाजार घुमाने के बहाने ले गया. इसके बाद वापस नहीं लौटा. उन्होंने विकास को कई बार फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद था. अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने विकास के पिता को भी फोन किया था, लेकिन उन्होंने बताया कि वह घर नहीं लौटा है.

पॉक्सो एक्ट में हुई एफआईआर

पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ नाबालिग को भगाने के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक सर्विलांस की मदद से आरोपी दामाद की तलाश कराई जा रही है. थाना प्रभारी पहासू के मुताबिक आरोपी दामाद विकास के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लड़की को बरामद कर लिया जाएगा.

Follow Us