15 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, मध्य UP में होगी मूसलाधार बारिश; जानें आज कहां-कहां बरसेंगे मेघ

उत्तर प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में आज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट है, खासकर मध्य यूपी में. भारतीय मौसम विभाग ने 80-90 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज बारिश की आशंका जताई है. इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है.

यूपी में बारिश का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में कंफ्यूजिंग मौसम है. कही भीषण गर्मी से चैन सुकून छीन गया तो कहीं आसमान में छाए बादलों से मौसम सुहाना है. शनिवार को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में कई जगह बारिश हुई. भारतीय मौसम विभाग ने आज रविवार को भी राज्य के अलग अलग हिस्सों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर मध्य यूपी के दर्जन भर जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.

भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान की आशंका है. इन जिलों में बहुत तेज गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश भी हो सकती है. आज की बारिश से उत्तर प्रदेश वासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने का भी अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक आज पूर्वांचल और मध्य यूपी के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इनमें प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर आदि जिले शामिल हैं. वहीं इनके आसपास के 10 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में भी तेज आंधी चलने की संभावना है.

तूफान से हो सकता है भारी नुकसान

मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के पूर्वांचल और मध्य यूपी के करीब डेढ़ दर्जन जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की संभावना है. इतनी तेज हवा से पेड़ और बिजली के पोल उखड़ने की आशंका प्रबल है. वहीं कच्चे मकानों के गिरने का भी खतरा है. मौसम विभाग के इस अलर्ट को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है.

कैसा रहेगा लखनऊ-नोएडा का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी लखनऊ और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन शनिवार को हुई बारिश के बाद आज भी यहां मौसम ठंडा रहेगा. आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. इसी प्रकार नोएडा-गाजियाबाद में भी आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. लेकिन उत्तर पूर्व से चलने वाली हवाओं के प्रभाव से गर्मी से राहत रहेगी.

Follow Us