बाढ़ राहत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे SDM, तभी हो गया जानलेवा हमला; मुश्किल से बचाई जान
हरदोई में बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण पर गए SDM सुशील कुमार मिश्रा पर जानलेवा हमला हुआ है. आरोप है कि सरकारी काम में भ्रष्टाचार पकड़े जाने पर प्रधान पुत्र और ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिससे SDM गंभीर घायल हो गए. उनके सिर में चोट आई और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई में बाढ़ राहत की तैयारियों के निरीक्षण करने गए शाहाबाद एसडीएम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि सरकारी काम में भ्रष्टाचार का मामला पकड़े जाने पर प्रधान पुत्र और उसके साथियों ने एसडीएम एवं उनकी टीम पर पथराव किया. इस पथराव में एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके सिर में ढाई सेंटीमीटर की गहरी चोट लगी है. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें पांच टांके लगे. वहीं आगे के इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.
सूचना मिलने पर डीएम एवं एसपी समेत तमाम अधिकारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. मामला शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के गर्रा नदी से सटे परियल गांव का है. जिला अधिकारी अनुनय झा के मुताबिक एसडीएम गर्रा नदी में बाढ़ राहत के कार्यों का मुआयना करने के लिए पहुंचे थे. परियल गांव में निरीक्षण के दौरान खामी पाए जाने पर प्रधान पुत्र ने हंगामा करने की कोशिश की. ऐसे में एसडीएम ने उन्हें गाड़ी में बैठा लिया. इसी बात पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया.
गंभीर रूप से घायल हुए एसडीएम
डीएम हरदोई के मुताबिक ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव के दौरान एक पत्थर एसडीम सुशील कुमार मिश्रा के सिर में लगा है. इससे उनके सिर में ढाई सेंटीमीटर का घाव हो गया है. पांच टांके लगे हैं और उन्हें इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. उधर, सूचना मिलने पर दलबल के साथ पहुंचे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि अब गांव में हालात सामान्य हैं.
ये है मामला
एसडीएम सुशील मिश्रा ने मनरेगा से बन रहे आरसी सेंटर का निरीक्षण किया. इस सेंटर की बाउंड्री तो बनी थी, लेकिन गेट नहीं लगा था. उन्होंने मौके पर मौजूद कोटेदार रविंद्र गुप्ता से इस संबंध में पूछताछ की. तभी भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत और ग्राम प्रधान शिवरानी के पुत्र उदयवीर राजपूत वहां पहुंच गए. एसडीएम ने उनसे कूड़ा निस्तारण केंद्र और गेट के बारे में पूछा तो विवाद हो गया.
महिलाओं ने फेंके पत्थर
जानकारी के बाद इस विवाद के दौरान ही वहां मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों ने एसडीएम और उनकी टीम के ऊपर पथराव शुरू कर दिया. इससे एसडीएम का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया, जहां कुछ देर बाद उन्हें छुट्टी मिल गई है. प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय के मुताबिक गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है. आरोपियों की धरपकड़ जारी है.