घर के काम में बिजी थी मां, खेलते-खेलते मासूम पानी से भरी बाल्टी में गिरा, डूबने से दर्दनाक मौत
संतकबीरनगर के धनघटा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां 1 साल के मासूम की बाल्टी के पानी में डूबकर मौत हो गई. मां घर के अंदर अपने काम में व्यस्त थी, बच्चा बाहर खेलते हुए वह असंतुलित होकर बाल्टी में गिर गया. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है.
संतकबीरनगर धनघटा थाना क्षेत्र के घोरांग गांव से शनिवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां घर के बाहर खेल रहे 1 वर्षीय मासूम की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. मासूम घर के बाहर खेलते हुए असंतुलित होकर बाल्टी में गिर गया था. गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
जानकारी के अनुसार, घोरांग गांव निवासी राजकुमार का 1 वर्षीय पुत्र रियांश घर के बाहर खेल रहा था. खेलते-खेलते वह पास में लगे नल के पास पहुंच गया, जहां बाल्टी में पानी भरा हुआ था. इसी दौरान मासूम असंतुलित होकर बाल्टी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई. आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कुछ देर बाद जब मां बाहर निकली तो हो गई बेहोश
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बच्चे की मां अंजू देवी घर के अंदर काम में व्यस्त थी. इधर बच्चा खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी में जा गिर गया. कुछ देर बाद जब वह बाहर निकली तो बेटे को आसपास न देख घबरा गई और उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान मासूम रियांश को बाल्टी में गिरा हुआ पाया गया, जिससे मां की चीखें निकल आईं.
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा
आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि रियांश अपने भाई दिव्यांश और बहन दिव्या से सबसे छोटा था. मासूम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है.