डेढ साल पहले कराई नसबंदी, फिर भी हो गया तीसरा बच्चा; महिला बोली- सरकार उठाए खर्चा
उत्तर प्रदेश के जालौन में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. डेढ़ साल पहले नसबंदी कराने के बावजूद एक महिला को तीसरा बच्चा हो गया. आर्थिक तंगी से जूझ रही महिला ने इसे सरकारी चूक बताते हुए डीएम और सीएम से शिकायत की है. उसका कहना है कि इस बच्चे के पालन-पोषण का पूरा खर्च सरकार को उठाना चाहिए.
उत्तर प्रदेश के जालौन में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां एक महिला ने दो बच्चे होने के बाद डेढ़ साल पहले नसबंदी कराई थी. बावजूद इसके, उसे अब तीसरा बच्चा हो गया है. महिला ने इस संबंध में डीएम से लेकर सीएम तक शिकायत दर्ज कराई है. आर्थिक तंगी से जूझ रही इस महिला ने कहा कि सरकार की लापरवाही से ये बच्चा हुआ है, अब इसका खर्चा भी सरकार उठाए.
मामला जालौन के डाकोर का है. यहां रहने वाले भानुप्रताप ने बताया कि उन्हें दो बच्चे पहले से हैं. ऐसे में उन्होंने पत्नी का दूसरी डिलीवरी के वक्त नसबंदी करा दी थी. ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने नसबंदी सफल होने की जानकारी दी. इससे वह संतुष्ट होकर पत्नी के साथ घर आ गए. लेकिन कुछ ही समय बाद पता चला कि उनकी पत्नी फिर से प्रेग्नेंट है. उन्होंने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग में शिकायत भी की, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई.
डीएम ने दिए जांच के आदेश
पीड़ित भानु प्रताप ने बताया कि वह राजमिस्त्री हैं और मुश्किल से अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं. ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से यह तीसरा बच्चा हो गया और उनके ऊपर आर्थिक दबाव बढ़ गया है. भानु प्रताप ने बताया कि वह दो साल से इस संबंध में सभी सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं. डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक से शिकायत कर चुके हैं. हालांकि अब जालौन के डीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
सरकार उठाए पूरा खर्च
भानुप्रताप के मुताबिक महंगाई के दौर में वह दो बच्चों का ही भरण पोषण मुश्किल से कर पाते हैं. इन्हीं परिस्थितियों में उन्होंने सरकार के हम दो, हमारे दो अभियान का समर्थन किया और दूसरा बच्चा पैदा होते ही ऑपरेशन करा लिया. लेकिन डॉक्टरों की लारवाही की वजह से उन्हें तीसरा बच्चा भी हो गया है. उन्होंने कहा कि चूंकि लापरवाही सरकार की है तो तीसरे बच्चे का खर्च भी सरकार को ही उठाना चाहिए. उधर, सीएमओ जालौन डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है.