जौनपुर में शादी समारोह से लापता 4 साल की बच्ची की हत्या, जंगल में मिला शव

जौनपुर में एक शादी समारोह से लापता हुई 4 वर्षीय बच्ची का शव जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई है. बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म कर हत्या की आशंका है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और खुलासे के लिए कई टीमें गठित की हैं.

जौनपुर: शादी से लापता 4 साल की बच्ची का जंगल में मिला शव Image Credit:

जौनपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. अपनी मां की मौसी के घर शादी समारोह में शामिल होने आई चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव सोमवार सुबह गांव के पास जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई. बच्ची रविवार रात द्वारपूजा की रस्म के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी. शुरूआती तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार, पूरी घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव की है. निषाद बस्ती में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में चार वर्षीय बच्ची अपनी मां के साथ शामिल होने आई थी. रविवार देर रात द्वारपूजा की रस्म के दौरान अचानक बच्ची गायब हो गई. परिजनों को पहले लगा कि बच्ची आसपास ही होगी, रात भर तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई.

परिवार में चीख-पुकार, पूरे गांव में शोक का माहौल

रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश की. सोमवार सुबह डायल-112 पुलिस को घटना की सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की. इसी दौरान गांव के समीप स्थित जंगल में मासूम का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना पर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया.

बेटी का शव मिलने की सूचना मिलते ही मां बिलखने लगी, परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सोमवार की सुबह चार वर्षीय मासूम बच्ची के न मिलने की सूचना पुलिस को मिली. पुलिस और परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर बच्ची का शव गांव के पास ही जंगल में मिला है. प्रथम दृष्टया हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कई पुलिस टीमों का गठन कर जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं.

Follow Us