मर्डर या सुसाइड… 14 दिन पहले हुई शादी, अब तीसरी मंजिल से कैसे गिरी दुल्हन? मौत से हड़कंप

उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के 14 दिन बाद एक नवविवाहिता की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई है. दूल्हे का कहना है कि यह एक हादसा था, जबकि दुल्हन के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, और मामले की गहन जांच जारी है.

झांसी में दुल्हन की संदिग्ध मौत Image Credit:

उत्तर प्रदेश के झांसी में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां एक 14 दिन की दुल्हन संदिग्ध परिस्थिति में तीसरी मंजिल से गिरी और उसकी मौत हो गई. दूल्हे ने इस घटना को हादसा बताया है, वहीं दुल्हन के पिता ने दूल्हा एवं उसके परिजनों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की तहरीर दी है. पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड की है.

पुलिस ने इस मामले में दूल्हे के अलावा उसके माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि पुलिस अभी तक इस मामले को लेकर दुविधा में है. पुलिस के मुताबिक मृतका प्रियंका मिश्रा मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली थी. उसकी शादी बीते 28 अप्रैल को ही झांसी निवासी शुभम के साथ हुई थी. इन दोनों की शादी एक मेट्रोमोनियल साइट के जरिए हुई. डेढ साल पहले इसी साइट के जरिए दोनों परिवार संपर्क में आए और आपसी सहमति से 14 दिन पहले शादी हुई.

पिता ने लगाया आरोप

शादी के बाद प्रियंका अपने ससुराल मिशन कंपाउंड में रह रही थी. पति शुभम ने बताया कि प्रियंका घर की तीसरी मंजिल पर छत की मुंडेर पर पैर लटकाकर बैठी थी. हंसी मजाक चल रहा था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई. परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, प्रियंका के पिता श्रीप्रकाश मिश्रा ने सीपरी बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था.

मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

दुल्हन के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पति शुभम, उसकी मां और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में झांसी एसपी सिटी प्रीति सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्य और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले से इलाके में सनसनी फैली हुई है.

रिपोर्ट: अमित सोनी, झांसी

Follow Us