कानपुर PSIT में छात्र की मौत पर बवाल, परिसर में जमकर तोड़फोड़; पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप

कानपुर के PSIT कॉलेज में निर्माण कार्य के दौरान छात्र की मौत हो गई. इसको लेकर परिसर में भयंकर बवाल हो गया. करीब 3000 छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ की और 'जस्टिस फॉर प्रखर' के नारे लगाए. छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया है, जिसे पुलिस ने नकार दिया है.

कानपुर PSIT छात्र की मौत पर बवाल, पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप Image Credit:

कानपुर के पनकी स्थित प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (PSIT) में बुधवार को छात्रों का बड़ा प्रदर्शन हिंसक रूप धारण कर गया. सोमवार को कैंपस में निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से टकराकर एक बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र की मौत हो गई थी. इसी घटना के विरोध में करीब 3 हजार छात्रों ने कॉलेज परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की.

छात्रों ने दरवाजे, खिड़कियां, टेबल-कुर्सियां तोड़ दीं और ‘जस्टिस फॉर प्रखर’ के नारे लगाते हुए न्याय की मांग की. घटना की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई, जब छात्रों ने हंगामा शुरू किया. प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने के साथ ही स्थिति बिगड़ गई. दोपहर 2 बजे तक बवाल चरम पर पहुंच गया, जहां पुलिस और छात्रों के बीच जोरदार झड़प हो गई.

पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप, कई छात्र घायल

सचेंडी, पनकी, अरमापुर, कल्याणपुर सहित 7-8 थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी की टीम मौके पर पहुंची. छात्रों का आरोप था कि पुलिस ने छात्रों को परिसर से बाहर निकालने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए. कुछ छात्र गिरकर चोटिल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि पुलिस ने लाठीचार्ज से इंकार किया है.

कैंपस में निर्माण कार्य के काऱण छात्र की हुई मौत

मृतक छात्र की पहचान प्रखर सिंह (21) के रूप में हुई, जो रतनलाल नगर के निवासी थे. सोमवार शाम को कैंपस में निर्माण कार्य चल रहा था. प्रखर बाइक से कॉलेज से निकल रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार से उड़ी धूल के कारण आगे खड़ी जेसीबी मशीन उन्हें दिखाई नहीं दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रखर के किडनी, फेफड़े गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए.

गंभीर हालत में प्रखर को पहले कल्याणपुर के बीएमसी अस्पताल और फिर सर्वोदय नगर के रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात छात्र की मौत हो गई. छात्रों का आरोप है कि कैंपस में निर्माण कार्य के दौरान कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ. छात्र कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं.

घटना को कैंपस के बाहर का मामला- कॉलेज प्रबंधन

प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्र कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आऱोप लगाते हुए उचित मुआवजा, दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं. वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने घटना को कैंपस के बाहर का मामला बताया है. प्रबंधन का कहना है कि हादसा सड़क पर हुआ और निर्माण स्थल पर उचित सावधानियां बरती गई थी.