कानपुर के लग्जरी होटल में सजती थी जुए की महफिल, स्वाट टीम की रेड में 13 लोग दबोचे गए

कानपुर के एक लग्जरी होटल में चल रहे जुए के अड्डे पर स्वाट टीम ने छापा मारा. 13 लोग गिरफ्तार हुए, जबकि मुख्य सरगना फरार हो गया. होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है. पुलिस की ओर से फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है.

कानपुर होटल जुआ रैकेट का भंडाफोड़ Image Credit:

कानपुर के किदवई नगर स्थित एक लग्जरी होटल में चल रहे जुए के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को होटल के एक कमरे से 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सरगना अपने एक साथी के साथ फरार हो गया. पकड़े गए लोगों में कई व्यापारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल हैं.

पुलिस के मुताबिक, जुए का संचालन करने वाला मुख्य आरोपी संदीप साहू है, जो मौके से फरार हो गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि सरगना संदीप साहू होटल के लग्जरी कमरे कुछ घंटों के लिए किराए पर लेकर वहां जुए की महफिल सजाता था. जुआ खेलने आने वालों के सुविधा के लिए चाय, नाश्ता और अन्य खाने-पीने की व्यवस्था भी कराई जाती थी.

तीन घंटे के लिए 6 हजार में बुक होता था कमरा

होटल में पिछले करीब डेढ़ महीने से जुआ खेले जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद स्वाट टीम ने चार दिनों तक ओसियन ग्रैंड होटल की गतिविधियों पर नजर रखी. जब सभी जानकारियां पुख्ता हो गईं तो बुधवार शाम करीब छह बजे टीम ने होटल के कमरे नंबर 314 पर छापा मारा. जहां करीब 5.48 लाख रुपये नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामान मिला.

जांच में यह भी सामने आया कि होटल का कमरा दो से तीन घंटे के लिए चार से छह हजार रुपये में बुक कराया जाता था. मौके से स्नैक्स के कई बिल भी मिले हैं, जिससे यह संकेत मिले हैं कि खिलाड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए जाते थे. छापेमारी के दौरान होटल का एंट्री रजिस्टर भी खंगाला गया, जिसमें कई एंट्रियों में दर्ज नाम और मोबाइल नंबर संदिग्ध मिले हैं.

सरगना पर पहले से जुआ अधिनियम के तहत केस

पुलिस ने होटल का एंट्री रजिस्टर और CCTV डीवीआर कब्जे में ले लिया. पुलिस की ओर से अब होटल संचालक और मैनेजर से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें होटल में चल रही इन गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं. होटल संचालक और मैनेजर से पूछताछ की जाएगी कि उन्हें इन गतिविधियों की जानकारी थी या नहीं.

एडीसीपी स्पेशल ऑपरेशन ने बताया कि फरार आरोपी संदीप साहू के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम के तहत सेन पश्चिमपारा और गोविंद नगर थानों में मुकदमे दर्ज हैं. उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पूरे मामले की जांच जारी है. दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us