सरकारी स्कूल में अखिलेश का जन्मदिन मनाना पड़ा भारी, सपा विधायक अमिताभ बाजपेई पर FIR

कानपुर के सरकारी स्कूल में अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने पर विवाद गहरा गया है. मामले में अब सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है. विधायक पर बिना अनुमति स्कूल में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने और सरकारी कर्तव्य में बाधा डालने का आरोप है.

सरकारी स्कूल में अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने पर विवाद Image Credit:

कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाए जाने का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. इस घटना के बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया था. अब उसी प्रधानाध्यापक की शिकायत पर आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

मामला 1 जुलाई का है, जब सपा विधायक अमिताभ बाजपेई अपने समर्थकों के साथ परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचे थे. स्कूल परिसर में अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर बैनर लगाए गए, केक काटा गया और बच्चों के बीच स्कूल बैग, ड्रेस तथा केक वितरित किए गए. विधायक ने कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो अपने सोशल मीडिया पर भी साझा किए थे.

निलंबित प्रधानाध्यापक ने दर्ज कराया FIR

वहीं, सपा विधायक अमिताभ बाजपेई द्वारा साझा किए गए वीडियो तुरंत सुर्खियों में आ गया. घटना के अगले ही दिन, यानी 2 जुलाई को, बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कराई. जांच रिपोर्ट में संबंधित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी को नियमों के उल्लंघन का जिम्मेदार मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

अब, 7 जुलाई को निलंबित प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी ने ग्वालटोली थाने में विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. आरोप है कि विधायक बिना अनुमति के विद्यालय परिसर में पहुंचे और उनकी इच्छा के विरुद्ध राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया, उन्हें उनके कर्तव्यों का स्वतंत्र रूप से निर्वहन करने से रोका गया.

FIR दर्ज होने के बाद सपा MLA ने कसा तंज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 132 के तहत मामला दर्ज किया है. यह धारा ऐसे मामलों से जुड़ी है, जिनमें किसी सरकारी कर्मचारी को उसका वैधानिक कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए आपराधिक बल या हमला किया जाता है. हालांकि, मामले की सच्चाई और आरोपों की पुष्टि अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

एफआईआर दर्ज होने के बाद अमिताभ बाजपेई ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर शेर लिखा. “दावे थे पहाड़ जैसे, पर हौसले रेत निकले… सच की धूप क्या पड़ी, सारे चेहरे फीके निकले”. इसके साथ ही आर्यनगर से सपा विधायक ने लिखा कि, ‘अमिताभ पर एफआईआर का मतलब फिर अमिताभ’.

फिलहाल अब यह मामला केवल विभागीय कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.

Follow Us