लखनऊ: लोक भवन के सामने आत्मदाह का प्रयास, महिला ने अपने ऊपर क्यों डाला पेट्रोल?

लखनऊ में लोक भवन के सामने एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया. महिला ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर महिला को आग लगाने से बचाया. पूछताछ में पता चला है कि महिला ने मानकनगर पुलिस की निष्क्रियता से निराश होकर यह कदम उठाया.

पुलिस ने महिला को आग लगने से बचाया Image Credit:

लखनऊ में लोक भवन के सामने शुक्रवार को एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया. महिला ने खुद को जलाने के लिए अपने ऊपर पेट्रोल तक डाल लिया था. हालांंकि, आत्मदाही दस्ते ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आग लगने से बचाया. इसके बाद महिला को सकुशल हजरतगंज थाना पर लाया गया. पुलिस ने मामले की जांच कर पूछताछ में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान संध्या सिंह, पत्नी सुखदेव सिंह के रुप में हुई है. वह न्यू श्री नगर मानकनगर रेलवे स्टेशन के पास की रहने वाली है. महिला ने 27 फरवरी दोपहर एक बजे के पास थाना हजरतगंज क्षेत्र में लोक भवन रोड पर पहुंची. इस दौरान उसने लोक भवन सेक्टर-1 पर लगे बैरियर के पास पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास करने लगी.

पड़ोसी से जमीनी विवाद, मानकनगर पुलिस से निराश

महिला अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने ही वाली थी कि मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने तत्परता और सूझबूझ दिखाई. महिला को खुद को आग लगाने से बचाया गया. इसके बाद उसे हजरतगंज पर लाया गया, जहां पूछताछ में यह पता चला संध्या सिंह अपने पड़ोसी से जमीनी विवाद और मानकनगर पुलिस से निराश होकर यह कदम उठाने चली थी.

संध्या सिंह का आरोप है कि पड़ोसी इकबाल सिंह द्वारा कथित रूप से अतिक्रमण कर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है. विरोध करने पर प्रार्थिनी एवं उनके परिवार को कथित रूप से धमकियां दी गईं, जिससे वे भयभीत हैं. भूमि की पैमाइश पहले कराए जाने का प्रयास किया, कई आवेदन पत्र भी दिये, लेकि जमीन का स्पष्ट सीमांकन अभी तक नहीं हुआ है.

ऐसे आत्मघाती कदम समस्या का समाधान नहीं- पुलिस

महिला ने मानकनगर पुलिस पर भी मामले में निष्क्रियता का आरोप लगाया, साथ ही बताया कि इससे निराश होकर उसने यह कदम उठाया. वहीं, महिला को थाना मानकनगर पुलिस टीम को सुपुर्द किया गया है. मानकनगर पुलिस संबंधित विभाग (राजस्व विभाग) से समन्वय स्थापित कर भूमि विवाद की निष्पक्ष जांच करेगी. साथ ही महिला को न्याय दिलाएगी.

मानकनगर पुलिस ने महिला को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है. साथ ही कहा कि नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी. वहीं, लखनऊ पुलिस ने ऐसे आत्मघाती कदम उठाने पर साफ कहा कि यह समस्या का समाधान नहीं है. संबंधित महिला को परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है.