खामेनेई की मौत का पुराने लखनऊ में असर, सारी दुकानें बंद, घरों-घरों में मातम

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत का असर लखनऊ में भी पड़ता हुआ दिख रहा है. शिया समुदाय की तरफ से खामेनेई की मौत पर 3 दिनों की शोक के ऐलान के बाद पुराने लखनऊ की सारी दुकानें आज बंद हैं. प्रशासन ने एहतियातन बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा के साथ भूल भुलैया को भी पर्यटकों के लिए बंद करने का फैसला किया है.

पुराने लखनऊ के सारे बाजार रहेंगे बंद Image Credit:

अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों. फिर ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है. जंग में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है. इससे शिया समुदाय में शोक का माहौल है. इसका असर लखनऊ पर भी दिख रहा है. शिया समुदाय के लोगों ने यहां तीन दिन के शोक का ऐलान किया था. इसके चलते पुराने लखनऊ की सारी दुकानें आज बंद हैं.

पुराने लखनऊ की सारी दुकानें बंद

प्रशासन ने एहतियातन बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा के साथ भूल भुलैया को भी पर्यटकों के लिए बंद करने का फैसला किया है. प्रशासन ने यह फैसला धार्मिक भावनाओं और सुरक्षा की दृष्टि से लिया है. अब बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और भूल भुलैया 3 मार्च के बाद पर्यटकों के लिए खुलेंगे. शियाओं के शोक के ऐलान के बाद पुराने लखनऊ की सारी दुकानें भी बंद हैं.

शिया समुदाय ने बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और भूल भुलैया की इमारतों पर अयातुल्लाह अली खामेनाई के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए हैं. अयातुल्ला अली खामेनेई शिया समुदाय के सबसे बड़े नेता माने जाते थे. बाराबंकी और वाराणसी के अलावा प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी रह रहे शिया समुदाय के लोगों ने भी कई दिनों के शोक का ऐलान किया है.

लखनऊ एयरपोर्ट पर भी पड़ा जंग का असर

मेरिका और इज़राइल की ईरान से जारी जंग के चलते दुबई यूएई, इराक, कुवैत, बहरीन, कतर, जॉर्डन समेत कई देशों ने अपना एयरस्पेस पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद कर दिया है. इसका असर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पड़ा है. यहां 1 मार्च को खाड़ी देशों से जुड़ी सभी उड़ानें ठप हो गईं.

लखनऊ से 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रविवार को लखनऊ से मस्कट, दुबई, अबू धाबी, शारजाह, दम्माम और रियाद जाने वाली 9 उड़ानें और इन शहरों से लखनऊ आने वाली 8 उड़ानें रद्द कर दी गईं. कुल मिलाकर 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं. इससे करीब 2500 टिकट निरस्त हो गए हैं.

जिन उड़ानों को रद्द किया गया है, उसमें इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, ओमान एयर और अन्य एयरलाइंस की फ्लाइटें शामिल हैं. स्थिति सामान्य होने तक उड़ानें नहीं चलेंगी. एयरलाइंस को बताया गया कि 8 मार्च के बाद ही नई टिकट जारी करने की संभावना है, हालांकि यह स्थिति पर निर्भर करेगा.

खाड़ी देशों में फंसे यूपी के कई नागरिक

उत्तर प्रदेश के बहराइच, गोंडा, सुल्तानपुर, बलरामपुर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए खाड़ी देशों में जाते हैं. अचानक एयरस्पेस बंद होने से कई लोग वहां फंस गए हैं. कुछ लोग कामकाज या पर्यटन के लिए 2-3 दिनों के लिए गए थे और अब वापसी का संकट झेल रहे हैं. .