राम मंदिर चढ़ावा: अविनाश शुक्ला से आमने-सामने पूछताछ चाहती है पुलिस, कोर्ट में कल सुनवाई

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला की 48 घंटे की रिमांड मांगी है. इसका उद्देश्य चोरी हुई धनराशि का प्रवाह, उसके उपयोग और मामले से जुड़े अन्य अहम राज खोलना है. अदालत इस मांग पर गुरुवार को फैसला सुनाएगी. पुलिस का मानना है कि पूछताछ से कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आएंगी.

अयोध्या स्थित राम मंदिर Image Credit: AI Generated

राम मंदिर चढ़ावा धनराशि चोरी मामले की जांच तेजी दिख रही है. मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से गहन पूछताछ के लिए पुलिस ने अदालत से 48 घंटे की पुलिस कस्टडी (रिमांड) की मांग की है. विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण) की अदालत में दाखिल रिमांड अर्जी पर गुरुवार को सुनवाई होगी. यदि अदालत पुलिस की मांग स्वीकार करती है तो जांच एजेंसी आरोपी से आमने-सामने पूछताछ कर मामले से जुड़े कई अहम राज खोलने का प्रयास करेगी.

जांच अधिकारियों का कहना है कि अब तक की पड़ताल में कई अहम तथ्य सामने आए हैं. इन्हीं तथ्यों की पुष्टि करने, चोरी की गई धनराशि के प्रवाह, उसके उपयोग, संभावित बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए अविनाश शुक्ला से विस्तृत पूछताछ जरूरी है. पुलिस का मानना है कि इससे कई नई कड़ियां सामने आ सकती हैं.

सुनवाई के दौरान वकील उपलब्ध कराने की मांग

मामले के विवेचक आशुतोष तिवारी की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र को विशेष अभियोजन अधिकारी संजय दूबे ने विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा की अदालत में प्रस्तुत किया. पुलिस ने अदालत को बताया कि निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए आरोपी की 48 घंटे की अभिरक्षा आवश्यक है. वहीं, आरोपी ने सुनवाई के दौरान अधिवक्ता उपलब्ध कराने की मांग की है.

बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए आरोपी अविनाश शुक्ला ने बताया कि उसके पास कोई अधिवक्ता नहीं है. इसके बाद उसने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से वकील उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. अदालत ने प्राधिकरण के सचिव को अधिवक्ता नियुक्त करने का निर्देश देते हुए मामले की सुनवाई गुरुवार के लिए तय कर दी.

रिमांड मिली तो कई और खुलासों की उम्मीद

जांच एजेंसियों का मानना है कि पुलिस कस्टडी मिलने के बाद आरोपी से आमने-सामने पूछताछ के जरिए चोरी की रकम के मनी ट्रेल, संदिग्ध लेनदेन, संभावित बरामदगी और पूरे नेटवर्क से जुड़े कई नए खुलासे हो सकते हैं. सूत्रों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों की भी क्रमवार पुलिस रिमांड मांगेगी, ताकि पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा सकें.

Follow Us