‘चाइनीज मांझे से मौत अब हत्या मानी जाएगी’, CM योगी हुए सख्त तो पुलिस ने शुरू की छापेमारी

लखनऊ में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक की मौत के बाद सीएम योगी बेहद सख्त फैसले लिए हैं. उन्होंने कहा कि अब चाइनीज मांझे से मौत अब हत्या मानी जाएगी. इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

लखनऊ में चार फरवरी को मोहम्मद शोएब नाम के एक युवक की चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के चलते मौत हो गई. वह बाइक से जा रहे थे. इस दौरान उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया. इस दौरान उनकी गर्दन कट गई. वह बाइक समेत नीचे गिर पड़े. खून से लथपथ वह तकरीबन 10 मिनट तक तड़पते रहे. मौके पर मौजूद लोग उन्हें तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया. इस बीच इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई.

बैन के बाद भी कैसे हो रही चाइनीज मांझे की बिक्री

मृतक युवक की पहचान मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है. वह पेशे से एमआर थे. उनकी दो बेटियां हैं. इस घटना के बाद यह सवाल उठने लगा है कि जब प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक है तो यह लोगों को मिल कैसे रहा है. इसकी बिक्री बिल्कुल ही ना हो इसके लिए सरकार क्या कर रही है.

एक साल में चाइनीज मांझे से 8 लोगों की गई जान

उत्तर प्रदेश में एक साल के भीतर चाइनीज मांझे के चलते 8 लोगों की जान जा चुकी है. अब इसको लेकर सीएम योगी अफसरों पर भड़क गए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बैन के बाद भी बाजार में मांझा की बिक्री कैसे हो रही है. सीएम योगी ने अधिकारियों को इसपर तुरंत रोक लगाने का निर्देश दिया.

चाइनीज मांझे से मौत होने को हत्या माना जाएगा

सीएम योगी ने कहा कि अब से चाइनीज मांझे से मौत होने को हत्या माना जाएगा. इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा. सीएम योगी ने चाइनीज की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए यूपी पुलिस को सघनता से अभियान चलाने का निर्देश दे दिया है.

अवैध नेटवर्क की पहचान कर उसे खत्म करें- सीएम योगी

सीएम योगी ने सख्त लहजे में कहा है कि चाइनीज मांझे की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने चाइनीज मांझे की सप्लाई करने वाले अवैध नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें खत्म करने का आदेश अधिकारियों को दिया है. लखनऊ हादसे और सीएम योगी के निर्देश के बाद यूपी पुलिस भी एक्टिव हो गई है. लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में चाइनीज मांझा बेचने वालों की पहचान करने के लिए छापेमारी की गई है.