ऊपर से ब्रांडेड अंदर ‘खेल’… लखनऊ में पकड़ा गया सिगरेट का काला कारोबार, दिल्ली-MP तक जुड़े तार
लखनऊ पुलिस ने नकली सिगरेट के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 10 लाख रुपये की नकली सिगरेट जब्त की गई. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है.
लखनऊ में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. थाना पारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने नकली सिगरेट के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह दिल्ली से माल मंगवा कर, उसे उत्तर प्रदेश और बिहार में लोकल वेंडर को सप्लाई करते थे.
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये लोग मोबाइल फोन के जरिए ऑर्डर लेते थे और तय स्थानों पर ग्राहकों को नकली सिगरेट पहुंचाते थे. इनके पास से 3940 डिब्बी नकली सिगरेट जब्त किए गए हैं जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. बरामद की गई खेप को लखनऊ और इसके आसपास के क्षेत्रों में खपाने की तैयारी में थी.
दोनों आरोपी MP के, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन और संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) के मार्गदर्शन में की गई. वहीं अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सिगरेट के अलावा, घटना में प्रयुक्त एक ग्रे रंग की वरना कार (नंबर MP07 CH 5106) भी जब्त की है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, शादाब अली पुत्र युसुफ अली और शोएब अली पुत्र मुनव्वर अली के रुप में हुई है. दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के मुरैना के रहने वाले हैं. पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को जीरो प्वाइंट, थाना पारा क्षेत्र से दबोचा है. दोनों के खिलाफ थाना पारा में पहले से ही मुकदमा दर्ज है, जिसमें सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम भी शामिल है.
पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच में जुटी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था. आरोपी दिल्ली के सदर बाजार और मध्य प्रदेश से नकली सिगरेट तैयार करने वाले नेटवर्क से माल मंगवाते थे, फिर उसे उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में सप्लाई करते थे. फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है.