राज्यपाल की टिप्पणी से आहत होकर VC ने दिया इस्तीफा! अखिलेश के तंज से यूपी में सियासी हलचल
यूपी राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि दीक्षांत समारोह में राज्यपाल की टिप्पणी से आहत होकर उन्होंने इस्तीफा दिया, उनका कार्यकाल अभी शेष था. इस बीच अखिलेश यादव के तंज भरे पोस्ट ने इसको और हवा दे दी है.
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. इसके साथ ही राज्य विश्वविद्यालय प्रो. राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह को राजर्षि टंडन का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है.
प्रो. सत्यकाम का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है, जब 17 जुलाई को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर उनकी कुछ तीखी टिप्पणियां चर्चा में आई थीं. बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने प्रो. सत्यकाम को राजभवन बुलाकर उनसे बातचीत करने की बात कही थी. अब उनके इस्तीफे को राज्यपाल की टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है.
कार्यकाल पूरा होने से 10 माह पहले इस्तीफा
प्रो. सत्यकाम को जून 2024 में राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था. उनका कार्यकाल पूरा होने में अभी करीब 10 महीने का समय बाकी था. इससे पहले वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में भी महत्वपूर्ण शैक्षणिक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. हालांकि, इस्तीफे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.
ऐसे में कार्यकाल पूरा होने से पहले उनके इस्तीफे ने विश्वविद्यालय के साथ-साथ राजनीतिक जगत में भी चर्चा बढ़ा दी है. कुलपति के इस्तीफे के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पोस्ट ने मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है. अखिलेश ने एक्स पर लिखा, ‘हवा का रुख़ बदला तो रूठने लगीं… अब तो ‘शाखा’ से टहनियां टूटने लगीं.’
‘अब आपस की बात है हम क्या बोलें…’
अखिलेश यादव ने इसके बाद एक अन्य पोस्ट में लिखा, अब आपस की बात है हम क्या बोलें… हालांकि, सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति या घटना का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है, लेकिन उनके तंज को कुलपति के इस्तीफे और विश्वविद्यालय से जुड़े घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है. इस इसपर राजनीति तेज हो गई हैं.