384 लग्जरी फ्लैट, स्विमिंग पूल और क्लब हाउस… लखनऊ में बनेगा 27 मंजिला अपार्टमेंट, रजिस्ट्रेशन शुरू

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ऐशबाग में 384 लग्जरी फ्लैट्स वाला 'ऐशबाग स्क्वायर' बना रहा है. 1900 वर्गफीट के इन फ्लैट्स का पंजीकरण 29 जनवरी से एलडीए वेबसाइट पर शुरू होगा. प्राइम लोकेशन पर स्क्वायर अपार्टमेंट में 27 मंज़िल के प्रत्येक टॉवर होंगे.

LDA लखनऊ में बनाएगा 27 मंजिला अपार्टमेंट Image Credit:

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ऐशबाग में मिल रोड पर 27 मंजिला रेजिडेंशियल अपार्टमेंट बनाएगा. ऐशबाग स्क्वायर नाम से बनने वाले इस अपार्टमेंट में लगभग 1900 वर्गफिट क्षेत्रफल के कुल 384 लग्जरी फ्लैट्स होंगे. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिये हैं. फ्लैटों के लिए पंजीकरण 29 जनवरी से खोला जा रहा है.

पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा, जो 28 फरवरी तक जारी रहेगा. इसके लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी. फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा.

27 मंजिलों के कुल 4 टावर, 384 3-बीएचके फ्लैट

LDA उपाध्यक्ष ने बताया कि ऐशबाग स्क्वायर की कनेक्टिविटी और लोकेशन काफी प्राइम होगी. यह पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनेगा, जहां वर्तमान में आवासीय जरूरतें पूरी करने के लिए ऐसी जगह मिलना मुश्किल है. योजना से कुछ ही दूरी पर चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग एवं अमीनाबाद जैसे महत्वपूर्ण बाजार मिल जाएंगे.

उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट के निर्माण के लिए ऑनलाइन डिमाण्ड सर्वे कराया गया था. जिसमें सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद ही परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी गयी है. ऐशबाग स्क्वायर में कुल 4 टावर होंगे, प्रत्येक टावर 27 मंजिल का होगा. अपार्टमेंट में 3 बीएचके एवं स्टडी श्रेणी के कुल 384 फ्लैट होंगे, जिसकी कीमत 1.11 करोड़ रूपये से शुरू होगी.

स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस, 600 वाहनों की पार्किंग

विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की सुविधा होगी. साथ ही लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कैम्पस में ही कॉमर्शियल दुकानें भी बनेंगी. ऐशबाग स्क्वायर का निर्माण 3 वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

साथ ही उन्होंने बताया कि अगले 5 साल के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा. फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करानी होगी. वहीं, 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी.