लखनऊ में पूर्व MLA के कॉम्प्लेक्स पर फिर चला बुलडोजर, नजूल भूमि से हटाया अतिक्रमण

लखनऊ में LDA ने पूर्व सपा विधायक के अवैध कॉम्प्लेक्स पर दोबारा बुलडोजर चलाया. यह निर्माण 3000 वर्गमीटर नजूल भूमि पर था और इसे प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना के लिए हटाया गया. पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई हुई. पहले भी इसे आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया था.

लखनऊ: पूर्व सपा विधायक का अवैध कॉम्प्लेक्स ध्वस्त Image Credit:

लखनऊ के जियामऊ क्षेत्र में गुरुवार को पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक रामपाल यादव के कॉम्प्लेक्स पर दोबारा बुलडोजर कार्रवाई की गई. एलडीए के अनुसार, यह निर्माण करीब 3000 वर्गमीटर नजूल भूमि पर अवैध रूप से किया गया था. इस जमीन की आवश्यकता प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना के लिए है, इसलिए अतिक्रमण हटाया जा रहा है.

कार्रवाई के दौरान LDA की कई जेसीबी मशीनें और भारी मशीनरी मौके पर तैनात रहीं. पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित की गई.

अवैध निर्माण के खिलाफ पहले भी चला अभियान

LDA अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध निर्माण के खिलाफ पहले भी ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया था, लेकिन कुछ कारणों से कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी थी. अब सड़क निर्माण परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए दोबारा अभियान शुरू किया गया है. उनका कहना है सड़क निर्माण में बाधा बन रहे सभी अवैध निर्माणों को नियमानुसार हटाया जाएगा.

प्राधिकरण के मुताबिक, जियामऊ क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क बनने से इलाके की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा. इससे रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. सड़क परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है.

2016 में पहली बार चर्चा में आया था यह विवाद

जानकारी के मुताबिक, इस जगह पर करीब 500 मीटर की नई सड़क बनाई जाएगी. इसमें जियामऊ पेट्रोल पंप की तरफ करीब 300 मीटर और जियामऊ बस्ती की तरफ करीब 200 मीटर शामिल है. अधिकारियों का कहना है कि गैर-कानूनी कब्ज़ों की वजह से यह प्रोजेक्ट काफी समय से रुका हुआ था. अब कब्ज़े हटने के बाद सड़क का काम शुरू हो गया है.

पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक रामपाल यादव का बीमारी की वजह से 2023 में निधन हो गया था. वह सीतापुर जिले की बिसवां विधानसभा सीट से विधायक रहे थे. उन्हें इसी अवैध निर्माण के विवाद के चलते पार्टी से निष्कासित भी किया गया था. यह विवाद साल 2016 में पहली बार चर्चा में आया था, लेकिन उस समय कोई ठोस एक्शन नहीं हो पाया था.

Follow Us