नौतपा आज से… पूर्वांचल में बरसेगी आग, पश्चिमी UP में गर्मी का येलो अलर्ट; जानें अपने शहर का मौसम
नौतपा आज से शुरू हो गया है, जिसमें पूर्वांचल में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है. प्रयागराज समेत कई जिलों में लू चलेगी, जबकि पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, नौतपा जितना तीव्र होगा, भविष्य में उतनी ही अच्छी बारिश होगी, जो खेती के लिए शुभ संकेत है. मौसम विभाग ने भी विभिन्न जिलों के लिए अलर्ट जारी किए हैं.
नौतपा आज से शुरू हो गया है. अगले नौ दिनों तक भुवन भास्कर भगवान सूर्य का पूरे तेवर में होंगे. धरती पर खासतौर पर प्रयागराज से लेकर आगरा तक कर्क रेखा के आसपास के जिलों में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने नौतपा के पहले ही दिन पूर्वांचल के जिलों के लिए गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं पश्चिमी यूपी में आंधी-पानी की संभावना के साथ लू चलने की आशंका जताई है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज 10 से अधिक जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है. वैसे आज सोमवार को पूर्वांचल के 14 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश का अलर्ट है. वहीं बाकी जिलों में आसमान से आग बरसेगी. मौसम विभाग के मुताबिक आजमगढ़, मऊ, अंबेडकनगर, बलरामपुर, गोंडा, महाराजगंज, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, श्रावस्ती, बलिया और गोंडा में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछेक स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है.
इन जिलों में गर्मी का कहर
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, बांदा, कौशांबी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ेगी. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन सभी जिलों में 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं चलेंगी. उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ मुरादाबाद तक आज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
नौतपा का बारिश कनेक्शन
ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक नौतपा में रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ सूर्य पृथ्वी के करीब आ जाते हैं. इसकी वजह से भीषण गर्मी पड़ती है. यह स्थिति करीब नौ दिन रहती है. इसके बाद सूर्य धीरे धीरे आगे बढ़ते हुए मार्गशीर्ष नक्षत्र में जाते हैं तो बारिश का माहौल बनता है. मान्यता है कि नौतपा जितना तपेगा, उतनी ही बारिश होगी और खेती किसानी के लिए अनुकूल माहौल बनेगा.