चुनावी रणनीति पर मंथन, CM योगी संग डिनर… दो दिवसीय दौरे पर कल लखनऊ पहुंचेंगे नितिन नबीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4-5 जुलाई को लखनऊ दौरे पर रहेंगे. वे संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे, मुख्यमंत्री योगी, दोनों उपमुख्यमंत्री और अन्य नेताओं से मिलेंगे. बीजेपी अध्यक्ष बूथ कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे, जिससे संगठन को सशक्त बनाने पर बल दिया जाएगा.

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (फाइल फोटो) Image Credit: PTI

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास पर लखनऊ आएंगे. उनके प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर बीजेपी लखनऊ महानगर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में उत्साह का वातावरण है. उनके आगमन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 जुलाई को सुबह 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उनका आत्मीय स्वागत करेंगे. एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष की भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी.

भव्य रोड शो, यात्रा में 42 स्थानों पर पुष्पवर्षा

स्वागत यात्रा कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, श्री टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा एवं बर्लिंगटन चौराहा होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेगी. यात्रा मार्ग में कुल 42 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा के मोर्चों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं अभिनंदन किया जाएगा.

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की जाएगी.

CM योगी के आवास पर डिनर में होंगे शामिल

अपने प्रवास के दौरान नितिन नबीन हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे, इसके बाद गोमतीनगर स्थित होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में संगठन और सरकार के बीच समन्वय और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी.

इसके बाद भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है. वहीं, 4 जुलाई की शाम को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे और रात्रिभोज में शामिल होंगे. इस दौरान दोनों के बीच उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा.

5 जुलाई को शिवाजी रावत के आवास पर संवाद

5 जुलाई को नितिन नबीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे और एनडीए के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक में सम्मिलित होंगे. इसके बाद वे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर भेंट करेंगे. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संघ कार्यालय, भारती भवन में विचार परिवार के प्रमुख सदस्यों के साथ बैठक भी करेंगे.

नितिन नबीन दोपहर बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर अवलोकन करेंगे. इसके बाद वहीं आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में सहभागिता करेंगे. कार्यक्रम के अंतिम चरण में नितिन नवीन पीरनगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. इसके बाद वे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.

Follow Us