PET-2023 भर्ती पर फूटा गुस्सा, अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी CM का आवास; क्या बोले बृजेश पाठक?

लखनऊ में PET-2023 जूनियर असिस्टेंट भर्ती के 3284 अभ्यर्थी परिणाम और टाइपिंग डेट में देरी पर आक्रोशित हैं. उन्होंने डिप्टी CM बृजेश पाठक के आवास का घेराव कर चुनाव से पहले नियुक्ति की मांग की. वहीं, पाठक ने आयोग अध्यक्ष से बात कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.

छात्रों की समस्या सुनते डिप्टी CM बृजेश पाठक Image Credit:

उत्तर प्रदेश में PET-2023 जूनियर असिस्टेंट भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़क पर उतर आया है. लखनऊ में बुधवार को सैकड़ों अभ्यर्थी हाथों में पोस्टर लेकर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास पहुंचे और घेराव कर प्रदर्शन किया. इस दौरान अभ्यर्थियों ने परिणाम जारी करने और टाइपिंग परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने की मांग की.

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया काफी समय से लंबित है. उनकी मांग है कि टाइपिंग परीक्षा दिसंबर तक न खींची जाए, बल्कि अक्टूबर 2026 में ही टाइपिंग टेस्ट कराया जाए. इससे आगामी चुनाव से पहले नियुक्ति का रास्ता साफ हो सकता है. वहीं, बृजेश पाठक ने प्रदर्शन कर रहे हैं सभी अभ्यर्थियों से मुलाकात कर आश्वासन दिया है.

PET-2023 के तहत 3284 पदों पर होनी है भर्ती

अभ्यर्थियों के मुताबिक, भर्ती का विज्ञापन 2023 के अंतर्गत विज्ञापन संख्या 12/2024 के तहत निकाली गई थी. इसके तहत विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 3,284 पदों पर भर्ती होनी है. इनमें कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक और सहायक ग्रेड-3 के पद शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया में देरी को लेकर अभ्यर्थी जल्द से जल्द अगला चरण शुरू करने की मांग कर रहे हैं.

डिप्टी सीएम आवास पर प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने भर्ती से जुड़ी अपनी समस्याएं और मांगें उपमुख्यमंत्री के सामने रखीं. वहीं, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने प्रदर्शन पर संज्ञान लेते हुए न केवल अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं बल्कि आयोग के अध्यक्ष से उनकी बात भी कराई.

सरकार छात्रों, युवाओं के साथ खड़ी है- पाठक

अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा, ‘UPSSSC के परीक्षार्थी हमसे मिले हैं. हमने चेयरमैन से बात की और इनकी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के लिए कहा है. इनकी समस्याएं निस्तारित होंगी. हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ छात्रों, युवाओं के साथ खड़ी है. इनकी जो मांगे हैं, हम उनपर काम कर रहे हैं.’

Follow Us