UP में किसान सम्मान निधि की लिस्ट से कट गए 16 लाख नाम, इनमें कहीं आप तो नहीं? ऐसे चेक करें

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 16 लाख नाम हटा दिए गए हैं, मुख्यतः ई-केवाईसी और फार्मर आईडी अधूरी होने के कारण. यदि आप 23वीं किस्त प्राप्त करना चाहते हैं, तो तुरंत अपना नाम और ई-केवाईसी स्टेटस पीएम किसान पोर्टल पर जांचें. पात्र किसान अपनी आईडी अपडेट करें ताकि लाभ मिलता रहे.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त अगले महीने जारी हो सकती है. इससे पहले सरकार इस लिस्ट में शामिल अपात्रों के नाम हटाने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है. 13 मार्च 2026 को 22 वीं किस्त जारी होने के बाद इस अभियान के तहत अकेले यूपी में ही करीब 16 लाख नाम हटाए गए हैं. ऐसे में यह जरूरी है कि 23वीं किस्त जारी होने से पहले आप लिस्ट में अपना नाम चेक कर लें. यदि इस योजना का लाभ चाहते हं तो आपको अपनी पात्रता प्रमाणित करनी होगी.

जानकारी के मुताबिक सरकार ने पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त जल्द जारी कर सकती है. यह किस्त अगले महीने तक आने की उम्मीद है. इससे पहले योजना में e-KYC के अभाव में करीब 16 लाख किसानों के नाम हटा दिए गए हैं. हटाए गए नामों में कई लोग तो ऐसे हैं, जो एक ही परिवार के हैं और इस योजना का लाभ ले रहे थे. वहीं बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग हैं, जिनकी केवाईसी अपडेट नहीं थी. अधिकारियों के मुताबिक 23वीं किस्त उन किसानों को नहीं मिलेगी, जिनककी फार्मर आईडी नहीं बनी है या फिर जिनका ई-केवाईसी अब तक नहीं हुआ है.

यूपी में क्यों आई दिक्कत?

केंद्र सरकार ने 30 जून तक हर हाल में किसानों को फार्मर आईडी बनवा लेने को कहा है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस संबंध में खुद बोल चुके हैं कि फार्मर आईडी को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. बावजूद इसके, यूपी में न तो किसान सजग नजर आ रहे हैं और ना ही प्रशासन. आलम यह है कि अभी भी प्रदेश भर में करीब 22 फीसदी किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है. रिपोर्ट के मुताबिक यूपी में पीएम किसान योजना में करीब 2.88 करोड़ किसान पंजीकृत हैं, लेकिन 2.25 करोड़ किसानों ने ही फार्मर आईडी बनवाई है.

ऐसे चेक करें नाम

इस बार आपको किसान सम्मान निधि की राशि मिलेगी कि नहीं, यह जानने के लिए आप अपने खाते की ई-केवाईसी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको पीएम किसान पोर्टल https://pmkisan.gov.in/ पर जाना होगा. इसमें आपको दो विकल्प मिलेंगे. पहला विकल्प बेनिफिसियरी लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं. इसके लिए आपको राज्य, जिला, उप जिला, ब्लॉक और गांव का नाम चुनने के बाद Get Report पर क्लिक करना होगा. इसमें आपका नाम होगा तो दिख जाएगा.

दूसरा विकल्प Know Your Status है. इसमें आप चेक कर सकते हैं कि आपका eKYC हुआ या नहीं. इसके लिए उसी पोर्टल पर Know Your Status पर क्लिक करें. अपना Registration Number भरें और कैप्चा कोड लिखें. इसके बाद आपके मोबाइल पर ओटीपी आएगा, उसे डालते ही आपका स्टेटस पता चल जाएगा.

Follow Us