सैलरी 20 हजार, खरीदी करोड़ों की जमीन… राम मंदिर के कथित चंदा घोटाले में नए खुलासे, अयोध्या पुलिस चुप!
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दानराशि से जुड़े कथित गड़बड़ी मामले में ट्रस्ट के दो और कर्मचारियों से पूछताछ की खबर सामने आई है. हालांकि पुलिस ने किसी हिरासत से इनकार किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कर्मचारियों की संपत्तियों और बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है. दावा है कि एक कर्मचारी ने हाल में डेढ़ करोड़ रुपये और दूसरे ने करीब 40 लाख रुपये की जमीन खरीदी है.
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों से चढ़ावे की राशि चोरी करने के मामले में ट्रस्ट के दो और कर्मचारियों को हिरासत में लेने की खबर है. हालांकि, अयोध्या पुलिस इससे इनकार कर रही है लेकिन सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के दो लोगों को हिरासत में उनसे पूछताछ की. इस दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं. हिरासत में लिए गए एक शख्स ने हाल में ही डेढ़ करोड़ रुपये की जमीन खरीदी थी, जबकि दूसरे ने 40 लाख रुपये की जमीन खरीदकर निर्माण करा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, एक ट्रस्ट कर्मी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. उसके घर से कुछ नकदी भी बरामद हुई है. उसने अयोध्या में लगभग 40 लाख रुपये का भूखंड खरीदा था और वहां मकान बनवाने का काम शुरू कर दिया था. इसके साथ ही मंदिर के गर्भगृह में काम करने वाले एक कर्मी को भी हिरासत मे लिया गया. उसकी तनख्वाह केवल 20 हजार रुपये है, लेकिन हाल में ही उनसे डेढ़ करोड़ रुपये की जमीन खरीदी थी.
ट्रस्ट के खाते में भेजे गए 5 लाख रुपये
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संपत्ति उसने किस स्रोत से हासिल की. फिलहाल, इस पूरे मामले में अयोध्या पुलिस ने चुप्पी साधे रखी है. पुलिस का कहना है कि ट्रस्ट की ओर से हमें कोई शिकायत नहीं मिली है. जबकि सूत्र बता रहे हैं ट्रस्ट कर्मियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और कई कर्मियों को हिरासत लिया गया है. इसमें से एक कर्मी के बैंक के खाते से 5 लाख रुपये भी ट्रस्ट के खाते में वापस जमा करा गए थे.
एक ही शिफ्ट के कर्मचारी संदिग्ध
जांच में सामने आ रहा है कि अब तक पकड़े गए अधिकांश कर्मचारी एक ही शिफ्ट में दानराशि की गणना करते थे. इस पूरे गिरोह का मुख्य सूत्रधार भी सामने आ चुका है. हाल में ही उसने भी अपने घर पर भागवत कथा कराई थी. इस दौरान उसकी अमीरी की चर्चा खूब हो रही थी. सूत्रों का ये भी कहना है कि मंदिर परिसर में गणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाने का विरोध ट्रस्ट के ही एक पदाधिकारी ने किया था. इस खुलासे से पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
नृपेंद्र मिश्र आज पहुंच रहे अयोध्या
मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र आज शनिवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह होने वाली समीक्षा बैठक में चढ़ावे में चोरी के प्रकरण पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. बैठक में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, दानराशि संग्रहण और गणना प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं.
