अखिलेश ने शुरू किया अपनी दादी और मां के नाम पर महिला सम्मान समारोह, खेल में पूनम यादव तो चिकित्सा में नैय्यरा शकील को दिया अवॉर्ड

अखिलेश यादव अपनी दादी और मां के नाम पर "मूर्ति देवी-मालती देवी” महिला सम्मान की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों की 20 महिलाओं को सम्मानित किया. महिलाओं को ये सम्मान देश की 20 बड़ी महिला हस्तियों के नाम पर दिया गया.

अखिलेश ने 20 महिलाओं को दिया अवॉर्ड Image Credit:

राजधानी लखनऊ में आज यानी रविवार को समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में महिला सम्मान समारोह का आयोजन हुआ. इस दौरान सपा की तरफ से अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को ‘मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान’ से सम्मानित किया गया. इस अवॉर्ड के माध्यम से समाजवादी पार्टी की तरफ से हर महिला अवार्डी 1 लाख की सम्मान राशि भी दी गई.

इन 20 लोगों को मिला सम्मान

खेल के क्षेत्र में पूनम यादव को रानी लक्ष्मीबाई सम्मान प्रदान किया गया. जनांदोलन में ममता गौतम को महाबीरी देवी वाल्मीकि सम्मान दिया गया. जनजागरण के लिए रोशनी को उदा देवी झलकारी बाई सम्मान मिला. साम्प्रदायिक सौहार्द में सुमन पांडे और बुशरा को बेगम हजरत महल सम्मान दिया गया. शिक्षा के क्षेत्र में सावित्रीबाई फुले फातिमा शेख सम्मान डॉ. रीता चौधरी और कहकशा अरबी को प्रदान किया गया. पर्यावरण के क्षेत्र में अहिल्याबाई होल्कर सम्मान डॉ. सुनीता यादव को मिला. वहीं, चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. रमा यादव सम्मान डॉ. नैय्यरा शकील को प्रदान किया गया.

विज्ञान के क्षेत्र में डॉ. सावित्री सनी सम्मान डॉ. कमर रहमान को दिया गया. वकालत में लीला सेठ सम्मान नंदिनी वर्मा को मिला. बेगम अख्तर सम्मान (संगीत में) अनिता गौतम और सुनीता झींगरान को दिया गया. कमला चौधरी सम्मान (साहित्य में) डॉ. रेनू यादव को प्रदान किया गया.हस्तशिल्प कला में महादेवी वर्मा सम्मान रिजवाना, अक्क़शा और अलशिफा को मिला. पत्रकारिता में डॉ. माधुरी काकोटी और अजीज कविश लेनिन को सम्मानित किया गया.

सरस्वती अम्माल अलामेलु अम्माल सम्मान (दलित विमर्श में) डॉक्टर सोनकर को प्रदान किया गया. दुर्गा देवी बोहरा सम्मान बाल शिक्षा में सुनैना देवी को दिया गया. थिएटर/फिल्म में सरोजिनी नायडू सम्मान अर्चना आर्य को प्रदान किया गया. मानवाधिकार में इस्मत चुगताई सम्मान शहनाज सिद्दीकी को दिया गया.उर्दू साहित्य में फूलन देवी सम्मान डॉ. सबीहा अनवर को मिला. बहादुरी में गुलाब बाई सम्मान रीमा गौतम को दिया गया.लोकनाट्य में मधु अग्रवाल को सम्मानित किया गया.

“मूर्ति देवी-मालती देवी” सम्मान समारोह के पीछे क्या है अखिलेश का दांव

2027 यूपी विधानसभा चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव प्रदेश की आधी आबादी यानी महिला वोटरों को अपने पक्ष में साधना चाहते हैं. इसी कड़ी में उन्होंने अपनी दादी और मां के नाम पर “मूर्ति देवी-मालती देवी” महिला सम्मान की शुरुआत कर रहे हैं.

इस सम्मान समारोह के तहत अखिलेश देश की 20 महान महिला हस्तियों के नाम पर सम्मान की श्रेणियां बनाई थी. इनमें रानी लक्ष्मीबाई,सावित्रीबाई फुले,अहिल्याबाई होलकर, ऊदा देवी,बेगम अख्तर,महादेवी वर्मा,सरस्वती सरोजिनी नायडू ,इस्मत चुगताई जैसे बड़े नाम हैं. इस अवॉर्ड के माध्यम से अखिलेश यादव ने प्रत्येक महिला अवार्डी 1 लाख की सम्मान राशि समाजवादी पार्टी की तरफ से देने की घोषणा भी की थी.

अन्य पार्टियों की बढ़ सकती है टेंशन

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अखिलेश इस सम्मान समारोह के जरिए बड़ी संख्या में प्रदेश की महिला वोटरों को अपने पाले में करना चाहते हैं. हालांकि, उनकी इस पहल का महिला वोटरों पर कितना असर होगा और अन्य पार्टियों के लिए यह कितना मुसीबत लेकर आएगी, ये आने वाला वक्त ही बताएगा.

Follow Us