UP में और कितने गद्दार? अब शामली में पकड़े 5 पाकिस्तानी जासूस; ATS का बड़ा एक्शन

यूपी ATS ने शामली में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 5 पाकिस्तानी जासूसों को गिरफ्तार किया है. ये सभी ISI के लिए गोपनीय जानकारी जुटा रहे थे. इनपुट के बाद ATS ने जाल बिछाकर इन्हें पकड़ा है. ये गिरफ्तारी प्रदेश में फैले बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है. एटीएस के देवबंद यूनिट कार्यालय में इनसे गहन पूछताछ जारी है.

शामली में पकड़े गए 5 पाकिस्तानी जासूस Image Credit:

यूपी एटीएस ने प्रदेश में फैले बड़े आतंकी नेटवर्क का ट्रेल पकड़ लिया है. इसी ट्रेल का पीछा करते हुए एटीएस की टीम ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में दबिश देकर एक महिला समेत 5 संदिग्धों को अरेस्ट किया है. इनमें एक पूर्व सभासद भी शामिल है. यह सभी गिरफ्तारी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से हुई है. एटीएस की टीम इन सभी को देवबंद ले गई है, जहां इनसे गहन पूछताछ की जा रही है. यह सभी आरोपी पाकिस्तान खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में पकड़े गए है.

एटीएस के सूत्रों के मुताबिक इन पांचों संदिग्धों के बारे में दो दिन पहले इनपुट मिला था. इस इनपुट के आधार पर एटीएस की टीम रविवार की शाम को ही शामली पहुंच गई और जाल बिछाकर इंतजार करने लगी. वहीं सोमवार की देर रात सटीक इनपुट मिलने पर कैराना कोतवाली को सूचना दी और पुलिस को साथ लेकर दबिश देते हुए 4 पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं एक महिला को सदर कोतवाली क्षेत्र से उठाया है. ये सभी आरोपी देश में अलग अलग स्थानों से गोपनीय सूचना एकत्र कर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर को भेज रहे थे.

ATS की कार्रवाई से जिले में मचा हड़कंप

ATS की इस कार्रवाई से शामली में हड़कंप मच गया है. एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक एटीएस की टीम सोमवार की रात आई थी. इस टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ दबिश देकर पांच लोगों को अरेस्ट किया है. गिरफ्तारी के बाद एटीएस इन सभी आरोपियों को देवबंद ले जाकर पूछताछ कर रही है. उन्होंने बताया कि इन सभी लोगों पर पाकिस्तान के लिए देश में जासूसी का आरोप हैं. बताया जा रहा है कि इन संदिग्धों का कनेक्शन गाजियाबाद और लखनऊ में पकड़े गए जासूसों से भी है.

पहले भी सुर्खियों में रहा कैराना

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में कैराना का नाम पहली बार देश विरोधी गतिविधियों में नहीं उछला है. इससे पहले कैराना का ही एक आतंकी इकबाल भागकर पाकिस्तान गया था. वह पाकिस्तान में रहकर गठरी उद्योग (हथियारों की तस्करी) चलाता है. पुलिस इस आतंकी इकबाल के नेटवर्क को खंगालते हुए उसके लिए काम करने वाले दर्जनों युवकों को अरेस्ट कर जेल भेज चुकी है. इन युवकों के पास से पुलिस ने पाक निर्मित पिस्टल व अन्य हथियार भी बरामद किए थे.

पूरे यूपी में फैला जासूसी नेटवर्क

एटीएस सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी जासूसों का जाल पूरे यूपी के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में फैला है. पिछले ही महीने एटीएस ने यूपी के गाजियाबाद से एक महिला समेत 4 जासूसों को पकड़ा था. फिर एटीएस ने इन जासूसों से हुई पूछताछ के आधार पर दो दर्जन से अधिक लोगों को अरेस्ट किया. इसी क्रम में एटीएस की टीम मुंबई, पानीपत और लखनऊ के अलावा संभल और मुरादाबाद से पाकिस्तानी जासूसों को अरेस्ट कर चुकी है. केवल मार्च महीने में ही 60 से अधिक जासूस पकड़े गए हैं.

Follow Us