कहीं बूंदाबांदी तो कहीं झमाझम, UP में आज फिर बेमौसम की बारिश, 30 जिलों में येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बेमौसम की बारिश का दौर जारी है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज फिर कई जिलों में बूंदाबांदी से लेकर झमाझम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 30 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. बारिश के कारण तापमान में पिछले हफ्ते की अपेक्षा 10-12 डिग्री की गिरावट आई है. वहीं हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है.

यूपी का मौसम Image Credit:

उत्तर प्रदेश में तीन दिनों से मौसम खराब है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नोएडा-गाजियाबाद से लेकर आगरा अलीगढ़ तक और मेरठ से लेकर सहारनपुर तक आज फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है. शुक्रवार को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई तो कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में फुहारे पड़ रहे हैं. यह स्थिति एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से बनी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यूपूी के 30 से अधिक जिलों में आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज कई जिलों में आंधी-पानी के आसार हैं. इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने की भी आशंका है. वैसे तो इस बेमौसम की बरसात से पूरा प्रदेश प्रभावित है, लेकिन ज्यादा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में है. इस बुलेटिन के मुताबिक आज अलीगढ़, बुलंदशहर, बिजनौर, बदायूं, बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, हापुड़, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद आदि जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.

पूर्वांचल में भी बदला मौसम

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक आज पूर्वांचल में भी मौसम बदल गया है. लखनऊ-अयोध्या से लेकर बलिया-बनारस तक और प्रयागराज- कानपुर से लेकर महाराजगंज-गोरखपुर तक आसमान में बादल छाए हैं. इनमें से कई जिलों में आज छिटपुट बारिश के आसार हैं. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ मध्यम बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में दोपहर बाद बारिश हल्की हो सकती है.

28 डिग्री तक लुढ़का तापमान

पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान बढ़ कर 40 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया था. माना जा रहा था कि मार्च में ही मई की गर्मी शुरू हो गई है, लेकिन पिछले हफ्ते एक्टिव हुए इस नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अब तक 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरकर 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं.

बारिश से सुधरी हवा

राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा गाजियाबाद में पिछले हफ्ते हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई थी. यहां के एक्यूआई 243 के पार चला गया था. इससे लोगों को सांस लेने में थोड़ी दिक्कत भी होने लगी थी. बीते एक हफ्ते में मौसम में बदलाव और तीन दिनों से हो रही छिटपुट बारिश की वजह से हवा में फैले धूल के कण जमीन पर बैठ गए हैं. इसकी वजह से हवा में सुधार हुआ है. प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक गुरुवार को नोएडा-गाजियाबाद में एक्यूआई महज 136 रह गया.

Follow Us