33 जिलों में बारिश का कहर! UP के लिए IMD का महा अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल
आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है. वहीं 33 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 से अधिक जिलों में बादल गरजने और आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा है.
भीषण गर्मी और उमस के बीच मानसून उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से एक्टिव हो गया है. आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है. वहीं 33 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 से अधिक जिलों में बादल गरजने और आसमानी बिजली गिरने का भी खतरा है. खासतौर पर प्रदेश के गोरखपुर, संतकबीर नगर, महाराजगंज, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली आदि इलाकों में खतरा ज्यादा है.
इससे पहले शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश हुई. अब मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक 33 जिलों में भारी से भी भारी बारिश हो सकती है. इसी प्रकार 30 अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं शेष 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
बरसेंगे बादल, गिरेगी बिजली
मौसम विभाग ने आज प्रदेश में मूसलाधार बारिश के साथ ही आधा दर्जन से अधिक जिलों में बिजली गिरने का भी अंदेशा जाहिर किया है. मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है कि मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकती है. इसी प्रकार सोमवार को भी पूरे प्रदेश में मूसलाधार बारिश हो सकती है. शनिवार को भी पूर्वांचल में जबरदस्त बारिश हुई. यहां सबसे ज्यादा 141.6 मिमी बारिश गोरखपुर में हुई है. इसी प्रकार मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी बारिश दर्ज हुई.
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक 19 से 21 जुलाई तक प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं. आज प्रदेश के तराई वाले महराजगंज, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सीतापुर, बरेली पीलीभीत समेत 10 से अधिक जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं इनसे लगते गोरखपुर, देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, संत कबीर नगर, गाजीपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, हरदोई, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बदायूं, ललितपुर समेत 23 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश के 45 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी अलर्ट है.
तापमान में गिरावट, बढ़ गई उमस
प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही प्रदेश के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आई है. हालांकि उमस बढ़ गई है. इससे जन जीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक आज रविवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. इस दौरान यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इसी प्रकार नोएडा गाजियाबाद के भी तापमान में गिरावट आई है.