‘जिनके जेब से एक पैसा नहीं निकला, वे लोग कर रहे चंदा चोरी की बात’

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला. राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक रुपया भी योगदान नहीं दिया, वही आज चढ़ावे की चोरी की बात कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यही दल पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे और रामभक्तों पर लाठी-गोली चलवाते थे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए कभी एक रुपया भी योगदान नहीं दिया, वही आज चढ़ावे की चोरी की बात कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग आज अयोध्या और राम मंदिर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वही पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे. उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने जय श्रीराम बोलने वाले रामभक्तों पर लाठी और गोली चलवाई थी तथा न्यायालय में वकीलों की फौज खड़ी कर मंदिर निर्माण को रोकने का प्रयास किया था, ऐसे लोगों का दोहरा चरित्र अब देश और दुनिया के सामने है.

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आउटसोर्स और संविदा कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अगले एक से डेढ़ सप्ताह के भीतर आउटसोर्स कमीशन लागू करेगी. इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय भी सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, मिड-डे मील रसोइयों और ग्राम चौकीदारों को भी उचित मानदेय उपलब्ध कराने के लिए सरकार अनुपूरक बजट के माध्यम से आवश्यक प्रावधान कर रही है.

किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर किसानों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिन सरकारों के समय किसान सिंचाई, भुगतान और बिचौलियों की समस्या से परेशान रहे, वही आज किसानों की चिंता जता रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत उत्तर प्रदेश में करीब 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा मिली है. सरकार किसानों को बेहतर बीज, सिंचाई और बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.

खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ स्थानों पर तकनीकी कारणों से खाद वितरण पोर्टल में समस्या आई थी, लेकिन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को खाद की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि प्रदेश में 16 लाख से अधिक कृषि ट्यूबवेलों को निशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.

महिलाओं और युवाओं के लिए सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में महिला श्रम भागीदारी दर साल 2017 के लगभग 12 प्रतिशत से बढ़कर 37-38 प्रतिशत हो गई है, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं. उन्होंने बताया कि सरकार ने नौ साल में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना घूस के सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है.

Follow Us