‘जाओ अखिलेश से कह देना’, मूंछ पर ताव देने वाले DSP अशोक सिंह कौन हैं?
मैनपुरी के डीएसपी अशोक सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे 'अखिलेश को भेज देना' कहते हुए मूंछ पर ताव दे रहे हैं. यह वीडियो एक मर्डर केस की जांच के दौरान का है. उस समय वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे और मृतक के परिजनों से बातचीत कर रहे थे. आजमगढ़ के रहने वाले अशोक सिंह औरैया से ट्रांसफर होकर मैनपुरी आए हैं.
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक डीएसपी का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अपनी नेम प्लेट दिखाते हुए कहते हैं कि ‘अशोक कुमार सिंह नाम है मेरा, ये देख लो, पिता का नाम बलबीर सिंह है और आजमगढ़ का रहने वाला हूं. बना लो वीडियो और अखिलेश को भेज देना.’ इस वीडियो में वह मूछों पर ताव देते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो को लेकर अब सोशल मीडिया में तरह तरह की चर्चा शुरू हो गई है.
जानकारी के मुताबिक मैनपुरी में हुए मर्डर के मामले में डीएसपी अशोक सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे. इस दौरान कुछ लोग वहां वीडियो बनाने लगे. इस बात को लेकर डीएसपी अशोक सिंह से उनकी बहस हो गई. इस दौरान डीएसपी ने भी वीडियो बनाने वालों पर तंज कसा. कहा कि बना लो, बना लो, पूरा वीडियो बनाओ. मेरा नाम अशोक कुमार सिंह और मैं आजमगढ़ का रहने वाला हूं. फिर उन्होंने कहा कि यह वीडियो अखिलेश को भी दे देना.
शराब के ठेके पर फायरिंग का है मामला
मैनपुरी पुलिस के मुताबिक एलाऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात संतोष नगर स्थित शराब के ठेके के सामने बदमाशों ने एक ट्रक पर फायरिंग की थी. इस वारदात में गोली लगने से कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि ड्राइवर भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम कराने के लिए ले आई थी. वहीं इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग भी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर आ गए थे. इस दौरान सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह मृतक के परिजनों से बातचीत कर रहे थे. वहीं कुछ लोग इसका वीडियो बनाने लगे. इसी बात पर वह नाराज हो गए थे.
कौन हैं अशोक सिंह?
मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले अशोक कुमार सिह के पिता का नाम बलवीर सिंह है. अभी हाल ही में औरैया से ट्रांसफर होकर मैनपुरी पहुंचे हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के मुताबिक 1975 में पैदा हुए अशोक सिंह 2019 में प्रमोशन पाकर एडिशनल एसपी स्पेशल ग्रेड टू अफसर बने थे.
