डॉक्टरों के प्रदर्शन में भींगते पहुंचे डिप्टी CM, मान ली सारी मांग; बोले- कल जारी करेंगे आदेश

राजधानी लखनऊ में बॉन्डेड डॉक्टरों ने वेतन विसंगतियों को लेकर प्रदर्शन किया. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बारिश में भींगते हुए उनसे मिले और उनकी सभी मांगें मान लीं. उन्होंने समान मानदेय और लंबित एरियर के भुगतान का आश्वासन दिया. डिप्टी सीएम ने बताया कि इस संबंध में कल शासन से आदेश जारी किया जाएगा, जिससे डॉक्टरों को बड़ी राहत मिली है.

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

मानदेय की विसंगतियों को लेकर राजधानी लखनऊ में बुधवार को सड़क पर उतरे बॉन्डेड डॉक्टरों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बड़ी राहत दी है. गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन कर इन डॉक्टरों से मिलने के लिए ब्रजेश पाठक मूसलाधार बारिश में भी भींगते हुए पहुंचे. उन्होंने इत्मीनान से उनकी बात सुनी और सभी मांगे मान ली. कहा कि इस संबंध में ACS को पत्रावली चल रही है. कल शासन से आदेश जारी हो जाएगा.

इस प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों से साल 2018, 2019 और 2020 बैच के MBBS डॉक्टर शामिल हुए. इन डॉक्टरों ने बुधवार को मुख्य रूप से वेतन में असमानता का विरोध किया और सरकार से वेतन विसंगतियों के समाधान की मांग की. डॉक्टरों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि समान डिग्री, समान बॉन्ड और समान सेवा के बावजूद उन्हें अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है. कहा कि वेतन में समानता के साथ ही लंबित एरियर का भुगतान होना चाहिए.

इतना मिलता है मानदेय

डॉक्टरों के मुताबिक बॉन्ड सेवा के तहत उन्हें दो वर्ष की अनिवार्य सेवा या 10 लाख रुपए के बॉन्ड की बाध्यता है. इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के CHC, PHC समेत अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं देनी पड़ती हैं. इसके बदले उन्हें करीब 50 से 55 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है. डॉक्टरों का दावा है कि इसी MBBS डिग्री, समान बॉन्ड, काउंसलिंग और प्रक्रिया के तहत सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में बॉन्ड सेवा कर रहे डॉक्टरों को करीब 1.10 लाख रुपए प्रतिमाह तक पारिश्रमिक मिल रहा है. डॉक्टरों ने इसे वेतन में गंभीर असमानता बताते हुए समान वेतनमान लागू करने की मांग की.

डिप्टी सीएम ने दिया भरोसा

भारी बारिश के बीच डॉक्टरों से मिलने पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें भरोसा दिया कि उनकी सभी समस्या का समाधान होगा. इसके लिए पहले ही ACS के पास पत्रावली चल रही है. कल शासन से आदेश भी हो जाएगा. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं और बच्चों के साथ है. समान वेतन मिलेगा जो अलग-अलग जनपद से आए हैं, अगर वह रुकना चाहते तो रुक सकते हैं, उनके लिए व्यवस्था कराई जाएगी.

Follow Us