मैनपुरी में दबंगों का तांडव! घर में घुसकर तोड़फोड़, ट्रैक्टर तोड़ा और 7 भैंसें खोल ले गए

मैनपुरी में जमीन विवाद के चलते दबंगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की, वृद्ध महिला से मारपीट की और 7 लाख रुपये की भैंसें चुरा लीं. पीड़ित ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पुलिस ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया. अब एसपी मैनपुरी से गुहार लगाई है.

जमीन विवाद में दबंगों ने घर तोड़ा, 7 भैंसें लूटीं Image Credit:

मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के गाड़ीवार गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता की, वृद्ध मां के साथ मारपीट की, ट्रैक्टर और डीजल इंजन में तोड़फोड़ की और करीब सात लाख रुपये कीमत की भैंसें जबरन खोलकर अपने साथ ले गए.

पीड़ित राहुल कुमार के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे गांव के ध्रुव, अनिल, योगेंद्र, रोहित, सौरव और बबलू अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंचे. आरोप है कि सभी लोग घर में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. विरोध करने पर परिवार की महिलाओं से अभद्र व्यवहार और उसके साथ भी मारपीट की.

पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप

राहुल का आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और डीजल इंजन में तोड़फोड़ की. इसके बाद घर में बंधी सात भैंसों को खोलकर अपने साथ ले गए. पीड़ित के अनुसार, इन भैंसों की कीमत करीब सात लाख रुपये है. घटना के बाद राहुल ने डायल-112 पर सूचना दी. पीड़ित ने इस मामले में पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.

उसका आरोप है कि डायल-112 पर सूचना देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. पीड़ित राहुल का कहना है कि उसने पुलिस को भैंसें ले जाने का वीडियो भी दिखाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. बाद में जब वह थाने पहुंचा तो वहां भी उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई.

एसपी मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर लगाई गुहार

अब पीड़ित राहुल कुमार ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.

रिपोर्ट- विजय अंबेश, टीवी9, मैनपुरी

Follow Us