महोबा में लोकेटर गैंग पर बड़ा एक्शन, 2 होमगार्ड समेत 19 पर FIR; अवैध खनन में मिलीभगत के आरोप
महोबा में अवैध खनन कर रहे 'लोकेशन गैंग' पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. देर रात हुई छापेमारी में दो होमगार्ड सहित 19 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई मारपीट की घटना का संज्ञान लेने के बाद हुई.
महोबा में अवैध खनन और परिवहन कराने वाले कथित लोकेटर गिरोह पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. देर रात छापेमारी के बाद दो होमगार्ड समेत 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. प्रशासन का आरोप है कि यह गिरोह बिना रॉयल्टी खनिज से लदे वाहनों को लग्जरी गाड़ियों की मदद से सुरक्षित निकलवाने का काम करता था.
मामला कबरई थाना क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे स्थित खनिज बैरियर का है. कुछ दिन पहले बिना रॉयल्टी गिट्टी लदे वाहनों को पास कराने को लेकर एक स्थानीय युवक और कथित लोकेटर गिरोह के बीच विवाद हो गया था. विवाद के दौरान युवक के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद ही देर रात रेड की गई थी.
करीब दो घंटे का CCTV फुटेज गायब मिला
SDM सदर शिवध्यान पांडेय और सीओ सदर रविकांत गौंड के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और खनिज विभाग की टीम ने बैरियर पर जांच की. जांच के दौरान घटना के समय का करीब दो घंटे का CCTV फुटेज गायब मिला. इसके बाद ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई. दोनों की मिलीभगत सामने आने पर मुकदमा दर्ज किया गया.
खनिज निरीक्षक की तहरीर पर होमगार्ड देवीदीन और तुलसीदास समेत अंकित परमार, शैलेंद्र सिंह, पंकज महाराज, अरविंद महाराज, प्रदीप सिंह, भानु धुरिया, अंकित द्विवेदी, पिंटू पाठक, अमित साहू, रोहित तिवारी, बृजेश गौतम, सरमन पटेल, प्रहलाद सिंह, रत्नेश सिंह, राजकुमार बुधौलिया, वीरू तिवारी, अजय यादव और कुछ अज्ञात पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है.
‘अवैध खनन में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा’
सीओ सदर ने बताया कि बिना रॉयल्टी के खनिज बैरियर से वाहन पास कराने को लेकर स्थानीय युवक के साथ मारपीट की सूचना पर बीती रात छापेमारी की गई थी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अवैध खनन और परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9, महोबा