कांस्टेबल ऑपरेट कर रहा था गांजा तस्करी गैंग, कॉल डिटेल से हुआ नेटवर्क का खुलासा

मथुरा में गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. डायल 112 पर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल इसका मास्टरमाइंड निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके साथी समेत 20 किलो गांजा और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. कॉल डिटेल्स से पूरे गैंग का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है.

गांजा तस्करी में कांस्टेबल अरेस्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है. इस नेटवर्क का मास्टर माइंड डॉयल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी ही था. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को हिरासत में लिया और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली तो नेटवर्क के अन्य बदमाशों की भी पहचान उजागर हो गई. इस मामले में कांस्टेबल और उसके साथी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस ने इनके पास से 20 किलो गांजा और 2 लाख रुपए नगद बरामद किया है. मामला मथुरा में महावन थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसी क्रम में पुलिस इनके बाकी साथियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक महावन थाना क्षेत्र के पचावर गांव में रहने वाला पुष्पेंद्र सिंह लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त था. यह बदमाश डायल 112 पर तैनात सिपाही अनिल कुमार के सहयोग से गांजा की तस्करी करता था.

ऐसे पकड़े गए आरोपी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर में गांजा की खेप आई और दो लोग इस खेप को सप्लाई करने के लिए नगला पूठा स्थित रुद्रा रिसॉर्ट के पास खड़े हैं. इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दोनों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें पूरे नेटवर्क का खुलासा हो गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों को अरेस्ट करते हुए इनकी निशानदेही पर 20 किलो गांजा और दो लाख रुपये नकद बरामद किए है.

कांस्टेबल सस्पेंड

थाना प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगा रही है. एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पकड़े गए कांस्टेबल की कॉल डिटेल अभियुक्त पुष्पेंद्र के मोबाइल से मिली है. जिसके आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है. एसएसपी श्लोक कुमार ने सिपाही को निलंबित कर दिया है और विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

Follow Us