ये कैसा गीता ज्ञान? धर्म की आड़ में लड़कियों का ब्रेनवाश, फिर रेप; मथुरा में आईआईटियन बाबा अरेस्ट

मथुरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक IITian बाबा को लड़कियों का ब्रेनवाश कर रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह ढोंगी गीता ज्ञान की आड़ में युवतियों को फंसाता था, नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था. पुलिस ने शिकायत के बाद उसे अरेस्ट कर आश्रम से दो लड़कियों को मुक्त कराया है.

मथुरा में आईआईटीयन बाबा अरेस्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी मथुरा में एक आईआईटियन बाबा गिरफ्तार हुआ है. यह ढोंगी बाबा गीता ज्ञान से लोगों को भ्रमित करता था, फिर नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी में ब्रेनवॉश करता था. फिर लड़कियों के साथ रेप करता था. छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने साधु वेशधारी इस आईआईटियन बाबा को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने उसके आश्रम से दो युवतियों को मुक्त भी कराया है.

मामला मथुरा में गोवर्धन के राधाकुंड क्षेत्र का है. आरोप है कि इस ढोंगी बाबा ने कुछ दिन पहले पीड़िता से रेप की कोशिश की थी. पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे डराने-धमकाने की भी कोशिश की. पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी, इसके बाद पुलिस ने लड़की का कलमबंद बयान कराने के बाद सोमवार को आरोपी दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस को भी गीता ज्ञान देने की कोशिश की, लेकिन यहां उसकी चाल सफल नहीं हो सकी.

ओडिशा का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान ओडिशा में खण्डगिरी भुवनेश्वर के रहने वाले अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास पुत्र डॉ. सुरेश चन्द्र के रूप में हुई है. फिलहाल वह गोविन्दपुरी शेरगढिया मोहल्ला राधाकुण्ड में आश्रम बनाकर रह रहा था. महज 30 साल का यह शातिर युवक एवं युवतियों को गीता ज्ञान सुनाकर भ्रमित करता था, फिर उनका ब्रेनवॉश गंदर्भ विवाह कराता था. फिर युवकों को अपना शिष्य बनाकर उनके साथ वाली युवतियों से रेप करता था.

रुड़की से किया आईआईटी

सीओ गोवर्धन अनिल कुमार के मुताबिक आरोपी हाई क्वालिफाइड है. उसने आईआईटी रुड़की से बीटेक किया है. वह एक संपन्न परिवार से है. उसके पिता डॉक्टर हैं और भुवनेश्वर में रहते हैं. आरोपी कुछ साल पहले ही मथुरा आया और यहां राधाकुंड में रहकर ऑनलाइन प्रवचन करते हुए अपने शिकार को फंसाता था.पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी के आश्रम में कई लड़कियां थीं, जो हाल ही में अपने घर लौटी हैं. दो लड़कियां अब भी आश्रम में मिलीं, जिन्हें पुलिस ने मुक्त कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया है.

VHP ने भी बिछाया था जाल

जानकारी के मुताबिक इस ढोंगी बाबा की खबर विश्व हिन्दू परिषद को भी थी. कानपुर से आए परिषद के कार्यकर्ता राजेश गिरी के मुताबिक वह एक महीने से आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहे थे. एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा जा रहा है. वहीं इसके आश्रम से रेस्क्यू हुई युवतियों की मानसिक स्थिति को देखते हुए उनके परिजनों की सहमति से आगरा की नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है.

Follow Us