वृंदावन: यमुना में स्टीमर पलटने से 10 लोगों की डूबने से मौत, 15 बचाए गए, कई अभी भी लापता
वृंदावन में यमुना नदी में एक स्टीमर पलटने से बड़ा हादसा हो गया. स्टीमर में सवार करीब 32 लोगों में से एक दर्जन लापता बताए जा रहे हैं. कई श्रद्धालुओं के डूबने से मौत हो गई. मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. श्रद्धालुओं को निकालने के लिए गोताखोरों की टीम लगी है.
उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां श्रृंगार घाट के पास यमुना नदी में एक स्टीमर पलट गई, जिसमें करीब एक दर्जन लोग लापता हो गए. स्टीमर में करीब 32 लोग सवार थे, जिनमें से कई के डूबने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है.
बताया जा रहा है कि पंजाब के मुक्तसर से आया श्रद्धालुओं का जत्था यमुना में घूमने के लिए नाव पर सवार हुआ था. कुछ ही दूर चलने के बाद स्टीमरअंसतुलित होकर नदी में पलट गई. पुलिस प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों के साथ बचाव अभियान में जुट गई है. अभी तक 15 लोगों को निकाला गया है, जिसमें में से 8 की हालत गंभीर है. सात श्रद्धालु सही सलामत हैं.
अभी तक यमुना नदी से 10 लोगों के शव निकाले गए
जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में अभी तक 10 लोगों की मौत हुई है, 15 लोगों को बचा लिया गया है. अन्य लोगों की तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 32 श्रद्धालु लुधियाना से वृंदावन दर्शन करने आए थे. सभी स्टीमर पर बैठकर यमुना में सैर कर रहे थे जब अचानक स्टीमर नदी में पलट गया.
CM योगी ने हादसे का लिया संज्ञान, जताई संवेदनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘ मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव और राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं.’
पोंटून पुल से स्टीमर के टकराने से हुआ हादसा- SP
एसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि यमुना नदी के किनारे नाव डूबने के हादसे के बाद से बचाव अभियान जारी है. बचाए गए लोगों को तुरंत एम्बुलेंस और आठ PRV यूनिट से हॉस्पिटल पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि हम अभी हालात का पता लगा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितने लोगों की दुखद मौत हो गई है.
उन्होंने बताया कि यहां एक पोंटून पुल है. चूंकि यह खराब हालत में था, इसलिए एक एजेंसी पोंटून पर मेंटेनेंस का काम कर रही थी. शक है कि यह हादसा इसी चल रहे रिपेयर के काम के सिलसिले में हुआ होगा. दरअसल, वृंदावन के केशीघाट पर सभी श्रद्धालु नाव पर सवार हुए थे, जिसके बाद मांट में बने पोंटून पुल से यह टकरा गई जिससे यह बड़ा हादसा हुआ.