यमुना एक्सप्रेसवे पर फिर दौड़ी मौत! सड़क पर पेशाब कर रहे 6 लोगों को कंटेनर ने रौंदा, मचा कोहराम
यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े होकर पेशाब कर रहे 6 लोगों को एक कंटेनर ने रौंद डाला. यह हादसा मथुरा में माइलस्टोन 88 के पास शनिवार की अल सुबह करीब 3 बजे का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
नोएडा से आगरा को जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर मौत का तांडव देखने को मिला है. इस एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े होकर पेशाब कर रहे 6 लोगों को एक कंटेनर ने रौंद डाला. यह हादसा मथुरा में माइलस्टोन 88 के पास शनिवार की अल सुबह करीब 3 बजे का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. पुलिस मृतकों की पहचान कराने की कोशिश में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात दिल्ली से कानपुर जाने के लिए सवारियों को लेकर एक बस चली थी. जैसे ही यह बस मथुरा पहुंची, सवारियों ने पेशाब करने के लिए बस रूकवाया और वहीं सड़क पर खड़े होकर पेशाब करने लगे. इतने में नोएडा की ओर से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने छह लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में इन सभी लोगों की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में हादसे की वजह बस ड्राइवर की लापरवाही के रूप में सामने आया है.
भारी वाहन लेन में खड़ी थी बस
दरअसल बस चालक ने गाड़ी ग्रीन जोन में खड़ी करने के बजाय एक्सप्रेसवे के भारी वाहन लेन में ही खड़ी कर दी थी. ऐसे में बस से उतरकर लोग सड़क पर ही खड़े होकर पेशाब करने लगे. पुलिस के मुताबिक इस हादसे में मृत चार लोगों की पहचान हो गई है. इनमें देवेश निवासी बस्ती, सोनू निवासी औरैया, असलम निवासी कन्नौज और संतोष निवासी दिल्ली के रूप में हुई है. अब पुलिस इनके परिजनों को सूचित करने के साथ ही बाकी दो मृतकों की पहचान में जुटी है.
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के आसपास बीते एक साल में कई बड़े हादसे हो चुके हैं. इन हादसों की वजह जानने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के साथ ही जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है. इन हादसों को रोकने के लिए कुछ एहतियाती कदम भी उठाए गए, बावजूद इसके हादसों में कमी आती नजर नहीं आ रही है. ऐसे हालात में बड़ी संख्या में लोग एक्सप्रेसवे से सफर करने के बजाय एक बार फिर से नेशनल हाईवे की ओर रूख करने लगे हैं.