सड़क के बीचोंबीच हैंडपंप… यूपी के PWD इंजीनियरों का कारनामा देख माथा पीट लेंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ 17 मार्च यानी मंगलवार को विंध्याचल पहुंचे थे.उनके आने के पहले ही PWD इंजीनियरों ने कंतित इनारा इलाके में सड़क का आनन-फानन में निर्माण कर दिया गया.इस दौरान सड़क के बीचोबीच खाली हैंडपंप छोड़ दिया. PWD इंजीनियर्स के लापरवाही का सबूत अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मिर्जापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, पीडब्ल्यूडी के होनहार इंजीनियरों ने चालू हैंडपंप को बिना शिफ्ट किए ही उस जगह सड़क का निर्माण कर दिया. अब सड़क के बीचों बीच खड़ा हैंडपंप दुर्घटना का दावत दे रहा है. वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब हैंडपंप को सड़क से हटाया जा रहा है.
आनन-फानन में सड़क का कराया निर्माण
सीएम योगी आदित्यनाथ 17 मार्च यानी मंगलवार को विंध्याचल पहुंचे थे. उनके आने के पहले ही सड़क का आनन-फानन में निर्माण कर दिया गया. सड़क के बीचोंबीच खाली हैंडपंप छोड़ दिया गया. उसे हटाने तक की जहमत तक नहीं उठाई गई. पूरा मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इनारा इलाके का है.
दुर्घटना को दावत दे रहा बीच सड़क पर छोड़ा गया हैंडपंप
स्थानीय आशीष कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने के तीन दिन पहले इस सड़क को बनाया गया है. सड़क बनाने वाले लोगों ने हैंड पंप को शिफ्ट नहीं किया. बीच सड़क पर ही उसे छोड़ दिया है. इससे कोई भी दुर्घटना का शिकार हो सकता है. हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद और गांव के प्रदान के गुजारिश पर हैंडपंप को सड़क से हटाया जा रहा है.
19 मार्च से शुरू हो विंध्यवासिनी मंदिर में नवरात्रि मेला
मिर्जापुर के विंध्याचल में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर पर 19 मार्च से नवरात्रि मेला शुरू हो रहा है.इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसको लेकर सड़क, पानी, बिजली को ठीक किया जा रहा है. इसी कड़ी में सड़क बनाने वाले इंजीनियर और ठेकेदार ने खर्चा बचाने के लिए बीच सड़क में हैंड पंप छोड़ा दिया.
विभाग क्या कार्रवाई करेगा?
मिर्जापुर से विंध्याचल जाने वाली सड़क से लाखों श्रद्धालुओं का नवरात्र में हर दिन आना जाना होगा. इसके बावजूद इतनी बड़ी लापरवाही सामने आई है. देखना ये होगा, इस मामले में विभाग क्या कार्रवाई करता है. पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता बीके पांडेय कहा कि नगरपालिका को हैंडपंप शिफ्ट करना था, लेकिन नहीं किया गया. जल्द ही इसे हटाकर दूसरी जगह लगा दिया जाएगा.