मुरादाबाद का ‘जहरीला’ सौदागर, 11 संगीन मुकदमे… कुख्यात ड्रग तस्कर शाकिर नेपाली गिरफ्तार
मुरादाबाद पुलिस ने 'क्लीन स्वीप' अभियान के तहत कुख्यात ड्रग तस्कर शाकिर नेपाली और उसके साथी को गिरफ्तार किया है. नेपाल से मुरादाबाद तक फैले इस नेटवर्क का सरगना शाकिर 11 संगीन मुकदमों में वांछित था. उसके पास से 1.651 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई.
मुरादाबाद पुलिस को ‘क्लीन स्वीप’ अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है. थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और नशे के सौदागर शाकिर नेपाली को उसके एक साथी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. उसके पास से 1.651 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई. नेपाल से मुरादाबाद तक फैले इस नेटवर्क का सरगना शाकिर पर 11 मुकदमे दर्ज हैं.
एसएसपी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचाई है, जिससे युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में मदद मिलेगी. प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार सक्सेना के नेतृत्व वाली टीम ने 5 अप्रैल की रात चेकिंग के दौरान पुराना आरटीओ चक्कर की मिलक के पास से इन दोनों अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोचा. हिस्ट्रीशीटर अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है.
2014 से अब तक गैंगस्टर एक्ट समेत 11 मुकदमे
शाकिर नेपाली पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था, वह महज एक नशा तस्कर नहीं है, बल्कि उसका एक काला और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. मुरादाबाद पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शाकिर पर साल 2014 से लेकर अब तक हत्या के प्रयास (धारा 307), गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट (392) और चोरी जैसे कुल 11 गंभीर मामले दर्ज हैं.
इतनी बड़ी संख्या में मुकदमों के बावजूद वह जेल से बाहर आकर फिर से तस्करी के नेटवर्क को फैला रहा था. पुलिस अपराधी का नेटवर्क तोड़ने के लिए काम कर रही थी, सिविल लाइंस पुलिस ने अपराधी का नेटवर्क तोड़ते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है. शाकिर के पास से 1.124 किलोग्राम चरस, जबकि नदीम के पास से करीब आधा किलो चरस मिली है.
NDPS एक्ट में केस दर्ज, कोर्ट ने दोनों को भेजा जेल
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सिविल लाइन्स पर शाकिर और नदीम के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया, उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब शाकिर के उन संपर्कों को खंगाल रही है जिनके माध्यम से वह नेपाल या अन्य इलाको से नशीले पदार्थों की खेप मुरादाबाद ला रहा था.