UP से पंजाब तक मचा रखा था आतंक, 21 मुकदमे थे दर्ज, मुरादाबाद पुलिस ने ड्रग माफिया को ऐसे धर दबोचा
मुरादाबाद पुलिस ने सोनकपुर पुल के नीचे हुए एक एनकाउंटर के दौरान यूपी से पंजाब तक आतंक मचाने वाले ड्रग माफिया मोना उर्फ अमरदीप को गिरफ्तार किया है. पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसपर 21 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.
मुरादाबाद में नशीले पदार्थों के काले कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘जीरो-टोलरेंस’ नीति अपना रही है. इसके तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. सिविल लाइंस पुलिस और नारकोटिक्स के बीच सोनकपुर पुल के नीचे हुई भीषण मुठभेड़ में शातिर अपराधी मोना उर्फ अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस अधीक्षक नगर, कुमार रणविजय सिंह ने बताया, एसएचओ सिविल लाइंस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनकपुर पुल के पास कुछ संदिग्ध बदमाशों की गतिविधि देखी गई है. सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो एक संदिग्ध युवक पिठ्ठू बैग लेकर भागने लगा था.
पुलिस टीम ने रोका तो कर दिया जानलेवा हमला
पुलिस के द्वारा ललकारने पर आरोपी ने टीम पर जानलेवा हमला कर दिया था. ऐसे में पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग में अपराधी के पैर में गोली लगी है. आरोपी को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान आदर्श कॉलोनी निवासी शातिर अपराधी मोना के रूप में हुई है.
अपराधी के कब्जे से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद
सिविल लाइन पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से भारी मात्रा में ड्रग्स, एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल बरामद किया है, मुरादाबाद पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए ‘यक्ष ऐप’ का सफलतापूर्वक उपयोग कर रही है, जिसके माध्यम से संदिग्धों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को एसपी सिटी द्वारा 10,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की गई है.
आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 21 गंभीर मुकदमें
मुरादाबाद जनपद के थाना सिविल लाइंस इलाके में गिरफ्तार हुए अपराधी मोना उर्फ अमरदीप का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. एसपी सिटी ने कहा कि मोना एक आदतन अपराधी है. उसपर उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों सहित पंजाब राज्य में भी 21 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं.
लंबे समय से कर रहा था ड्रग्स तस्करी
मोनू लंबे समय से ड्रग्स की तस्करी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था. मुरादाबाद पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग से नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप बरामद की है, जो युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने के लिए सप्लाई की जानी थी. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह नशीले पदार्थों के नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. पुलिस अब इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है ताकि ड्रग्स की इस चेन को पूरी तरह तोड़ा जा सके.
‘यक्ष ऐप’ के जरिए अपराधियों की निगरानी
मुरादाबाद पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ चलाया जा रहा यह विशेष अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा जिसको लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आदर्श कॉलोनी और कटघर जैसे संवेदनशील इलाकों में पहले भी कई बड़ी गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और ‘यक्ष ऐप’ के जरिए अपराधियों की निगरानी की जा रही है.
युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. इस मुठभेड़ के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है और अग्रिम विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है.