‘नाबालिग बेटी को भी…’ गाजियाबाद में लिव-इन पार्टनर ने ही की थी जाकिर की हत्या, वजह सुन हैरान रह गई पुलिस
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में एक युवक जाकिर की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस की जांच में पता चला कि मामला सुसाइड नहीं, बल्कि मर्डर का है. यह वारदात खुद जाकिर की लिव-इन पार्टनर और उसकी बहन ने मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने जब दोनों बहनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो वजह भी सामने आ गई. दरअसल जाकिर अपने लिव इन पार्टनर की 13 साल की नाबालिग बेटी पर बुरी नजर रखने लगा था.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 28 वर्षीय जाकिर की संदिग्ध मौत का हैरतंगेज खुलासा हुआ है. यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि खुद जाकिर की लिव-इन पार्टनर ने अंजाम दिया था. इसी के साथ साफ हो गया है कि जाकिर ने सुसाइड नहीं किया, बल्कि उसका योजनावद्ध तरीके से मर्डर हुआ था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी लिव इन पार्टनर को अरेस्ट किया है. वहीं पूछताछ के बाद इस मामले में सहयोग करने के आरोप में उसकी छोटी बहन को भी अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस की पूछताछ में जाकिर की लिव-इन पार्टनर ने वारदात की पूरी कहानी बयां की है. बताया कि बीते कुछ समय से जाकिर की बुरी नजर उसकी 13 साल की नाबालिग बेटी पर भी थी. वह कई बार उसके साथ छेड़छाड़ भी कर चुका था. उसने जाकिर को खूब समझाया, लेकिन जब वह नहीं माना तो बहन के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी है. इसके बाद शव को पंखे से लटका दिया था. लिव-इन पार्टनर ने बताया कि उसने इस वारदात को सुसाइड रूप देने की कोशिश तो की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसका खेल खराब कर दिया.
पति को छोड़कर थामा था प्रेमी का हाथ
पुलिस की पूछताछ में जाकिर की हत्यारन गर्लफ्रेंड किरण ने वारदात की कहानी बयां की है. बताया कि वह पहले से शादीशुदा है, लेकिन पति से झगड़ा होने के बाद वह उसे छोड़कर बेटी के साथ नोएडा में रहने लगी थी. इसी दौरान राज मिस्त्री का काम करने वाला जाकिर उसके संपर्क में आया. दोनों में काफी समय तक बातें होती रहीं और फिर दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया. इसके बाद किरन जाकिर के साथ ट्रॉनिका सिटी में आकर रहने लगी. लेकिन यहां जाकिर की नीयत उसकी बेटी पर खराब हो गई. इसलिए उसे मारना पड़ा.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक वारदात 23 जून की रात की है. अगले दिन जाकिर का शव पंखे से लटका मिला तो पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया. इसमें साफ हो गया कि मामला सुसाइड का नहीं, बल्कि मर्डर का है. इसके बाद जाकिर के भाई समीर उर्फ नासिर ने किरन पर संदेह जताते हुए पुलिस में रिपोर्ट लिखाई थी. इसके बाद पुलिस ने किरन को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. फिर पुलिस ने किरन की बहन कशिश को भी अरेस्ट कर लिया है.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
किरन और कशिश ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि जाकिर की हत्या की प्लानिंग उन लोगों ने पहले ही कर ली थी. इस प्लानिंग के तहत ही किरन ने उसके हाथ पकड़ लिए और कशिश ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. इसके बाद कशिश ने ही गमछे से जाकिर का गला घोंट दिया. वहीं मौत होने के बाद दोनों बहनों ने शव को उठाकर ठंडे पानी में डुबोया और फिर उसी गमछे से शव को पंखे से लटका दिया. आखिर में दोनों बहने बाहर जाकर जाकिर के फांसी लगाने का शोर मचाने लगी थीं.