बहन को ईदी के 1500 रुपये देने पर विवाद, पति ने पत्नी-दो बच्चों को जहर देकर मारा फिर खुद लगाई फांसी
मुजफ्फरनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक घर से परिवार के चार लोग पति-पत्नी, दो बच्चों के शव मिले हैं. प्रारंभिक जांच के मुताबिक पति का पत्नी से बहन को ईदी देने को लेकर विवाद हुआ था. इससे आहत होकर उसने देर रात अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर पहले मौत की नींद सुला दिया. फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया.
मुजफ्फरनगर से एक बड़ी घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के चार लोग पति-पत्नी और दो बच्चों के शव बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई. घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. कहा जा रहा है कि बहन को ईद पर 15 सौ रुपये की ईदी देने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था.
विवाद से आहत पति ने देर रात अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर पहले मौत की नींद सुला दिया. फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया. सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने पर जब दरवाजा तोड़ कर देखा गया तो पत्नी और दोनों मासूम बच्चों के शव जमीन पर पड़े हुए थे और पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ था. इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई.
बहन को 1500 रुपये ईदी देने पर हुआ विवाद
सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से जांच पड़ताल की. फिर सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. जानकारी के मुताबिक मृतक 30 वर्षीय इरशाद ने ईद पर अपनी एक बहन को 15 सौ रुपये की ईदी दी थी. इस बारे में जब इरशाद की पत्नी नौरीन को पता चला तो घर में विवाद खड़ा हो गया. इसको लेकर सोमवार यानी 20 मार्च को पत्नी नौरीन की मां और बहनों ने आकर खूब झगड़ा भी किया था.
देर रात तक इरशाद और नौरीन में होता रहा झगड़ा
मृतक के भाई इनाम ने बताया कि देर रात तक इरशाद और नौरीन में भी झगड़ा होता रहा था. फिर सुबह जब घर का दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़कर देखा तो भाई फांसी के फंदे पर लटका हुआ था और उसकी पत्नी नौरिन के साथ 1 महीने की बेटी अक्सा और 2 साल के बेटे आहिल का शव जमीन पर पड़ा हुआ था. प्रारंभिक जांच के मुताबिक ऐसा लग रहा है कि शायद इरशाद ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ देकर मौत की नींद सुलाया. फिर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया.
पुलिस ने क्या बताया?
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हमें सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक घर से एक साथ 4 लोगों मिलने के मामले की जानकारी मिली थी. फिलहाल, मैं और मेरी टीम घटनास्थल पर हैं. एक डॉग स्कॉड टीम भी मौके पर हैं. फिलहाल, मामले जांच की जा रही है. एक व्यक्ति ने पंखे पर लटका मिला था. बाकी तीन जमीन पर पड़े थे. फिलहाल, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगी. फिलहाल, पुलिस इस मामले में बेहद बारीकी से जांच कर रही है.