शराब पर महंगाई की मार, कल से महंगी मिलेगी देसी और अंग्रेजी; बीयर के भी बढ़ जाएंगे दाम
उत्तर प्रदेश में 1 अप्रैल से नई आबकारी नीति लागू हो जाएगी. जिससे देसी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर भी महंगी होगी. राजस्व बढ़ाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है. अंग्रेजी शराब 10-30 रुपये, जबकि देसी शराब 5-8 रुपये तक महंगी हो सकती है. बीयर की लाइसेंस फीस बढ़ने से उसके दाम भी बढ़ेंगे.
उत्तर प्रदेश में नई आबकारी नीति 1 अप्रैल से लागू हो जाएगी. इस नीति के तहत देसी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर भी महंगी हो जाएगी. उत्तर प्रदेश सरकार ने इस नीति के तहत राजस्व बढ़ाने के लिए शराब की कीमतों में महंगाई का डोज दिया है. इस नीति के तहत देसी शराब की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी हो रही है. लेकिन अंग्रेजी शराब की कीमतों में 10 रुपये से 30 रुपये तक की बढोत्तरी हो जाएगी.
आबकारी विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक देसी शराब की एक बोतल अब तक 165 रुपये में मिलती थी, लेकिन एक अप्रैल से यही बोतल 5 रुपये की बढोत्तरी के साथ 173 रुपये में मिलेगी. इसी प्रकार अंग्रेजी शराब यानी विदेशी या ब्रांडेड शराब की कीमतों में भी इजाफा किया जा रहा है. माना जा रहा है कि अंग्रेजी शराब की बोतलों की कीमत 10 से 30 रुपये तक बढ़ सकती है. यह बढ़ोतरी ब्रांड और क्वालिटी के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
कितनी महंगी होगी बीयर?
नई आबकारी नीति में उत्तर प्रदेश सरकार ने बीयर की लाइसेंस फीस में साढ़े सात फीसदी की बढोत्तरी की है. माना जा रहा है कि लाइसेंस फीस में बढ़ोत्तरी का असर बीयर की कीमतों पर पड़ेगा और बीयर पीने वालों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. अधिकारियों के मुताबिक अभी यह नहीं कहा जा सकता कि बीयर की बोतल कितनी महंगी होगी, लेकिन यह तय है कि कंपनियों और ब्रांड्स के आधार पर कीमतों का निर्धारण होगा.
नई नीति में ये होगा बदलाव
नई आबकारी नीति के तहत शहरी क्षेत्रों में देसी शराब की दुकानें कम की जाएंगी. इसी प्रकार ग्रामीण इलाकों में देसी की दुकानें बढ़ाई जा सकती हैं. अंग्रेजी शराब की दुकानों पर भी इस नीति में कंट्रोल करने की योजना है. पूरे प्रदेश में शराब दुकानों का आवंटन ई-लॉटरी प्रणाली से होगा. इससे पूरा सिस्टम पारदर्शी होगा. शराब की कीमतें बढ़ेंगी. इससे शराब के शौकीनों को अपने शौक पूरे करने के लिए जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी होगी.