55 बीघा जमीन, करीब 6 करोड़ कीमत… नवाजुद्दीन ने अपने गांव में ही क्यों खरीदी प्रॉपर्टी?
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को 6 करोड़ रुपये रुपये की कीमत की 55 बीघा जमीन खरीदने बुढ़ाना तहसील के उप-निबंधक (सब रजिस्ट्रार) कार्यालय पहुंचे. उनके साथ भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी, अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी मौजूद थे.
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने पैतृक गांव में 55 बीघा जमीन खरीदी है. इसकी कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है. बीते गुरुवार को नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कस्बे में करीब 55 बीघा कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए तहसील पहुंचे. यह जमीन बुढ़ाना बांगर क्षेत्र में स्थित है, जिसे उन्होंने अभिषेक जैन समेत सात लोगों से खरीदा है. जमीन की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
नवाजुद्दीन सिद्दीकी गुरुवार को अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां मेहरुनिशां सिद्दीकी और अन्य परिजनों से मुलाकात की. इसके बाद वे कार से बुढ़ाना तहसील के उप-निबंधक (सब रजिस्ट्रार) कार्यालय पहुंचे. उनके साथ भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी, अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी मौजूद थे. अधिवक्ता प्रशांत शर्मा ने जमीन के दस्तावेज तैयार करवाए और नवाजुद्दीन ने आवश्यक कागजातों पर हस्ताक्षर किए. इस दौरान भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.
कल नहीं हो पाई थी रजिस्ट्री
हालांकि, किसी कारणवश बैनामा (रजिस्ट्री) उसी दिन नहीं हो पाई, जो आज यानी शुक्रवार को पूरी होने की उम्मीद है. नवाजुद्दीन मूल रूप से बुढ़ाना के रहने वाले हैं और गांव-खेती से उनका गहरा लगाव रहा है. संघर्ष के दिनों में भी वे अपनी जड़ों से जुड़े रहे. यह खरीदारी उनके गांव से जुड़ाव और भविष्य में कृषि या निवेश के इरादे को दर्शाती है. कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि फिल्मों से रिटायरमेंट के बाद वे यहां रहने का प्लान बना रहे हैं.
नवाजुद्दीन की नेटवर्थ कितनी?
नवाजुद्दीन ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘रईस’, ‘सैक्रेड गेम्स’, ‘मंटो’, ‘मांझी: द माउंटेन मैन’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई है. नवाजुद्दीन की नेट वर्थ 160 करोड़ से 200 करोड़ रुपये के बीच अनुमानित है. वह एक फिल्म के लिए 6 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं. साथ ही ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 1 करोड़ रुपये प्रति डील लेते हैं. उनकी सालाना कमाई लगभग 12 करोड़ रुपये है. पिछले दिनों ही नवाजुद्दीन ने मुंबई के वर्सोवा में 12.8 करोड़ का बंगला खरीदा था.
भाई के साथ हुआ था संपत्ति विवाद
नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनके भाई के बीच पैतृक जमीन को लेकर 2023 में विवाद हो गया था, जो बुढ़ाना में स्थित पैतृक संपत्ति (घर, दुकानें आदि) से जुड़ा था. इसकी कीमत 100 करोड़ रुपये आंकी गई थी. दरअसल, नवाजुद्दीन के पिता नवाबुद्दीन सिद्दीकी की मौत के बाद संपत्ति उनकी मां मेहरुनिशां सिद्दीकी के नाम ट्रांसफर हो गई. छोटे भाई शमशुद्दीन सिद्दीकी ने बंटवारे की मांग की, क्योंकि पिता ने सभी सात भाइयों और मां में बराबर हिस्सा देने की बात कही थी.
नवाजुद्दीन ने दायर किया था मानहानि का केस
17 नवंबर 2023 को शमशुद्दीन ने सिविल जज सीनियर डिवीजन (मुजफ्फरनगर) में केस दायर किया. कोर्ट ने नवाजुद्दीन, उनकी मां और अन्य भाइयों को नोटिस जारी किया. नवाजुद्दीन ने पहले अपने भाई शमशुद्दीन और पूर्व पत्नी आलिया (अंजना पांडे) के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि केस भी दायर किया था, जिसमें आरोप लगाए गए थे कि वे झूठे आरोप लगा रहे हैं. यह केस बॉम्बे हाईकोर्ट में चला, लेकिन 2025 में खारिज हो गया था.
जमीन विवाद से खुद को कर लिया था अलग
बॉम्बे हाई कोर्ट ने नॉन-प्रॉसिक्यूशन के आधार पर केस खारिज किया था. हाई कोर्ट ने कहा था कि जब याचिकाकर्ता खुद अपने मुकदमे को आगे नहीं बढ़ा रहा है और सुनवाई में पेश नहीं हो रहा है, तो ऐसे में कोर्ट के पास मामला खारिज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता. बाद में नवाजुद्दीन ने विवाद सुलझाने के लिए तीन भाइयों के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी कर दी और खुद को केस से अलग कर लिया था.