धूमधाम से की शादी, सुहागरात भी मनाई; फिर अगले ही दिन… मुजफ्फरनगर में लुटेरी दुल्हन की कहानी
मुजफ्फरनगर में बॉलीवुड फिल्म 'डॉली की डोली' की तर्ज पर लूट की वारदात हुई है. यहां एक दुल्हन ने बड़े धूमधाम से शादी रचाई, अपने दूल्हे संग सुहागरात भी मनाया, लेकिन जैसे ही दूल्हा गहरी नींद में सोया, ये लुटेरी दुल्हन घर से नगदी जेवर लेकर फरार हो गई. यह वारदात मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र की है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में फिर एक लुटेरी दुल्हन ने कांड किया है. बॉलीवुड फिल्म ‘डॉली की डोली’ की तर्ज पर इस दुल्हन ने बड़े धूमधाम से शादी रचाई, अपने दूल्हे संग सुहागरात भी मनाया, लेकिन जैसे ही दूल्हा गहरी नींद में सोया, ये लुटेरी दुल्हन घर से नगदी जेवर लेकर फरार हो गई. यह वारदात मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र की है. दूल्हे की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने इस पूरे गैंग को दबोच लिया है.
पुलिस के मुताबिक अभी लुटेरी दुल्हन समेत गिरोह की 3 महिलाओं को पकड़ा गया है. इनके पास से लूट की 70 फीसदी रकम और जेवर बरामद कर लिए गए हैं. सीओ सदर रविशंकर मिश्रा के मुताबिक अब गैंग के बाकी सदस्यों की पहचान और धरपकड़ की कवायद तेज कर दी गई है. पुलिस ने इस गैंग द्वारा किए जाने वाले वारदात के तरीकों का भी खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के लोग खासतौर पर उन लोगों को शिकार बनाते थे, जिनकी उम्र ज्यादा हो रही थी और शादी नहीं हो पा रही थी.
ऐसे फंसाते थे शिकार
पुलिस के मुताबिक रामपुर गांव में रहने वाले पीड़ित मांगेराम ने पुलिस में शिकायत दी थी. बताया था कि घुमावती निवासी रविंद्र ने उन्हें एक लड़की की तस्वीर दिखाकर शादी तय कराई थी. इस लड़की का नाम सोनाक्षी बताया था. रिश्ता तय कराने के नाम पर रविंद्र ने पीड़ित परिवार से मोटी रकम भी वसूली थी. फिर लड़की वालों के कहने पर बीते 10 मई को हरिद्वार के एक मैरिज होम शादी की रस्में हुईं. इसके बाद वो दुल्हन को विदा कराकर अपने घर ले आया.
सुहागरात के दिन ही कर दिया कांड
पीड़ित परिवार के मुताबिक पूरा परिवार संस्कारी बहू पाकर बहुत खुश था. आरोप है कि शादी के बाद घर आते ही ये दुल्हन पूरे परिवार से घुलमिल गई. फिर उसने पति संग सुहागरात भी मनाई, लेकिन पति के गहरी नींद में सोते ही इसने कांड कर दिया. अगली सुबह जब सब लोग नींद से जगे तो पता चला कि शादी में चढ़ाए गए सोने-चांदी के जेवर, नगदी आदि गायब हैं. दुल्हन भी नजर नहीं आई. ऐसे में दुल्हन और उसके साथियों को फोन किया, लेकिन सभी के मोबाइल नंबर बंद थे.
पुलिस ने किया खुलासा
थकहार कर पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दी. इस शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया. फिर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई. अब पुलिस ने मामले की जांच करते हुए लुटेरी दुल्हन सोनाक्षी, उसकी मां कामिनी और बिचौलिए का काम करने वाली आशा को दबोच लिया है. पुलिस के मुताबिक इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है.