मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर योगी सरकार का बड़ा प्लान, 75 जिलों में लाभार्थी सम्मेलन

मोदी सरकार के 12 साल पूरा होने पर 11 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में "जन-कल्याण पखवाड़ा" मनाया जाएगा. इस दौरान 75 जिलों में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी सम्मेलन, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाएं होंगी.उज्ज्वला योजना, PM आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का फीडबैक सीधे जनता से लिया जाएगा.

सीएम योगी (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसकी रूपरेखा तय करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शाम 7 बजे अपने सरकारी आवास 5 कालीदास मार्ग पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है. बैठक में डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य समेत कई वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे.

10 दिन चलेगा जन-कल्याण पखवाड़ा

सूत्रों के मुताबिक 11 जून से 21 जून तक पूरे प्रदेश में “जन-कल्याण पखवाड़ा” मनाया जाएगा.इस दौरान 75 जिलों में केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी सम्मेलन, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाएं होंगी.उज्ज्वला योजना, PM आवास, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का फीडबैक सीधे जनता से लिया जाएगा. साथ ही जनता की समस्याएं सुलझाने की कोशिश की जाएगी.

हर मंत्री को मिली जिम्मेदारी

CM योगी ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में कम से कम 5 बड़ी जनसभाएं करेंगे.हर जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 12 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा. सोशल मीडिया पर #12SaalBemisaal कैंपेन भी चलाया जाएगा. 26 मई 2014 को PM मोदी ने पहली बार शपथ ली थी.2026 में सरकार के 12 साल पूरे हो गए हैं.

2027 चुनाव पर है बीजेपी की नजर

UP में 80 लोकसभा सीटें होने के कारण पार्टी के लिए ये आयोजन 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.आज की बैठक के बाद देर शाम तक कार्यक्रमों का विस्तृत शेड्यूल जारी होने की उम्मीद है. जन-कल्याण पखवाड़ा और लाभार्थी सम्मेलन के चलते बीजेपी 2027 विधानसभा चुनाव में अपने पक्ष में माहौल बनाने की भरपूर कोशिश करेगी. ऐसे में इस चुनाव के लिए योगी सरकार की रणनीति बेहद अहम साबित हो सकती है.

Follow Us