आ गई NEET (UG) 2026 परीक्षा की नई तारीख, जानें कब होंगे एग्जाम

NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा की नई तारीख 21 जून घोषित की है. धांधली के आरोपों के चलते पूर्व में हुई परीक्षा रद्द कर दी गई थी. एनटीए जांच में सहयोग कर रहा है और छात्रों की फीस वापस करेगा. नए रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होगी, पुराने डेटा ही उपयोग किए जाएंगे. छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर ही जानकारी देखें.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद NEET (UG) 2026 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है. अब यह परीक्षा 21 जून को कराई जाएगी. एनटीए के इस ऐलान के बाद एक फिर से मेडिकल की तैयारी कर रहे लाखों छात्र एक बार फिर रिवीजन में जुट गए हैं. यह परीक्षा पूर्व में 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी. हालांकि पारदर्शिता की कमी और गड़बड़ी के आरोपों के चलते रद्द कर दिया गया था.

मामले की जांच में जुटी एजेंसियों को कई ऐसे इनपुट्स और सबूत हाथ लगे हैं, जिनसे यह साफ हो चुका है कि परीक्षा में धांधली हुई थी. फिलहाल मामले की जांच सीबीआई कर रही है. वहीं इस जांच में NTA भी पूरा सहयोग कर रहा है. इस बीच एनटीए रद्द हुई परीक्षा को दोबारा कराने के लिए भारत सरकार को अप्रूवल की फाइल भेजी थी. शुक्रवार की देर शाम अप्रूवल आने के साथ ही एनटीए ने नए सिरे से एग्जाम कराने के लिए 21 जून की तिथि घोषित कर दी है.

वापस होगी छात्रों की फीस

इस परीक्षा में आने वाला पूरा खर्च एनटीए खुद वहन करेगा. वहीं पूर्व में छात्रों से वसूली गई फीस उन्हें वापस की जाएगी. एनटीए ने साफ कर दिया है कि इस परीक्षा के लिए छात्रों को नया रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी. मई 2026 के चक्र में जो डेटा और सेंटर चुने गए थे, उन्हें ही आगे बढ़ाया जाएगा. NTA ने माना है कि दोबारा एग्जाम कराए जाने से आवेदकों को काफी मुश्किलें होंगी, लेकिन जिस तरह से गड़बड़ी हुई थी, उसपर आगे बढ़ते तो राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली के भरोसे को नुकसान पहुंचता.

वेबसाइट पर देखें पूरी डिटेल

सोशल मीडिया पर चल रही तमाम संबंधित खबरों को लेकर NTA ने छात्रों को आगाह किया है. एनटीए ने छात्रों से कहा है कि सभी तरह की सूचना एजेंसी की ओर से आधिकारिक चैनल और वेबसाइट पर अपडेट की जा रही हैं. इसलिए किसी को भी सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहीं भ्रामक खबरों के प्रभाव में आने की जरूरत नहीं है. एनटीए के मुताबिक एडमिट कार्ड जारी होने का शेड्यूल जल्द ही वेबसाइट पर जारी किया जाएगा.

Follow Us