बरेली में भी नोएडा जैसा हादसा, नगर निगम के खुले नाले में गिरा युवक, 18 घंटे बाद भी लापता

जनवरी महीने में हुए नोएडा सेक्टर 150 जैसा हादसा बरेली में भी हो गया है. यहां एक युवक नगर निगम के खुले नाले में गिर गया है. रात से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. लेकिन 18 घंटे बाद भी युवक लापता है.

बरेली में खुले नाले में गिरा युवक Image Credit:

नोएडा के सेक्टर-150 में जनवरी की सर्द रात में भीषण कोहरे के बीच साफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार एक माल के लिए खोदे गए बेसमेंट में गिर गई थी. इस हादसे में युवराज की मौत हो गई थी और प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे थे. अब वैसा ही हादसा बरेली के सैटेलाइट बस स्टैंड के पास हुआ. यहां नगर निगम के खुले नाले में एक युवक गिर गया. 18 घंटे बाद भी युवक लापता है.

रात से चल रहा है रेस्कयू ऑपरेशन

फिलहाल, घटनास्थल पर पुलिस, नगर निगम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है. रात से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नाले को जेसीबी से तोड़कर युवक को खोजा जा रहा है. इसके सिए रामपुर से भारी मशीन मंगाई गई है. SDRF का जवान नाले के अंदर उतरकर युवक की तलाश कर रहे हैं.

युवक किस जगह फंसा हुआ है नहीं चल रहा पता

नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने बताया कि रात से ही लगातार नगर निगम की दो जेसीबी और एक रामपुर से बड़ी मशीन मंगाकर नाले को तोड़कर पानी निकाला जा रहा है. कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द युवक को बाहर निकाला जाए. लेकिन अभी यह पता नहीं चल पा रहा है कि युवक किस जगह फंसा हुआ है.

वहीं, घटनास्थल पर मौजूद SDRF टीम इंचार्ज ने कहा कि हमने अपना एक जवान नाले के अंदर भी भेजा है. कोशिश की जा रही है कि जल्द से युवक को बाहर निकाला जाए. हम रात से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं. लेकिन अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि युवक किस जगह फंसा हुआ है.

लोगों ने बताया-सही तरीके नहीं ढका गया था नाला

फिलहाल इस मामले में बड़ी लापरवाही सामने आ रही है. बताया जा रहा है नाले के ढक्कन में गैप था. स्थानीय लोगों के मुताबिक होली से पहले सफाई के दौरान नगर निगम के सफाईकर्मियों ने स्लैब हटाया था. इसके बाद से नाले सही से ढका नहीं गया और वहां गैप नजर आ रहा था.

क्या कह रहा प्रशासन?

प्रशासन का कहना है कि व्यक्ति कौन है, कहां का रहने वाला है. इस बारे में अब तक जानकारी नहीं मिल पाई है. फिलहाल, पहली प्राथमिकता है युवक को नाले बाहर निकालने की है. फिर उसके और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. हम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं युवक नशे के चलते नाले में तो नहीं गिर गया.

Follow Us